नोएडा। कर्ण गोष्ठी कल्याण समिति, नोएडा के तत्वावधान में महिला मंडल द्वारा नोएडा के क्लब 27 में तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल तीज पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि समाज में शिक्षा, संस्कार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता को मजबूत करने की एक सार्थक पहल है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना है। आयोजकों का मानना है कि प्रतिभा आर्थिक स्थिति नहीं देखती। उचित मार्गदर्शन, सम्मान और प्रोत्साहन मिलने पर गरीब परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चे भी जीवन में सफलता प्राप्त कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
हरियाली तीज के अवसर पर महिलाओं की सक्रिय सहभागिता के माध्यम से मिथिला की संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को भी जीवंत किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत मिथिलानी महिलाओं ने अभिनय के द्वारा मधुश्रावणी पर्व को दर्शाया गया। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा और भी कई अभिनय एवं पारंपरिक गायन प्रस्तुत की गई। पारंपरिक गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से तीज के उल्लास के साथ-साथ अपनी समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन महिला मंडल की संयोजक कुमुद लता दत्त संग आरती दास, कनक लता दास, अनामिका दास, नूतन दास एवं सोनी लाल के सफल निर्देशन में संपन्न किया गया।
इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं को पाग, सॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मिथिला पेंटिंग की सिद्धहस्त कामेश्वरी देवी, मिथिला पेंटिंग की ही अंबिका देवी, संजू दास एवं लेखिका तथा समाजसेवी बिनीता मल्लिक को सम्मानित किया गया।
महिलाओं का मानना है कि किसी भी उत्सव का वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसकी खुशियां समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक पहुंचें। साथ ही प्रतिभाशाली बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उनका यह भी मानना है कि “हम मिथिला की नारी—संस्कृति हमारा स्वाभिमान, हमारी मिथिला—हमारा गौरव” की भावना के साथ मिथिला की संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास भी करेगा।
आयोजन में शिक्षा और संस्कार के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में स्वादिष्ट व्यंजन की व्यवस्था थी। स्वादिष्ट व्यंजन संग अशोक भाष्कर द्वारा गाया गीत लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं के अलावा कर्ण गोष्ठी कल्याण समिति नोएडा के अध्यक्ष डॉ उग्र नारायण मल्लिक, संस्थापक सदस्य अमरेंद्र कुमार दास, अरुण कर्ण, डॉ दिनेश कुमार कर्ण, अशोक भाष्कर, अनिल कर्ण, केके कर्ण सहित पूरी कार्यकारणी संग दिल्ली एनसीआर से आए अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

