भारती एयरटेल फाउंडेशन और आर्मी गुडविल स्कूलों ने साझेदारी के एक दशक का मनाया जश्न

 

नई दिल्ली |  भारती एयरटेल फ़ाउंडेशन और मुख्यालय उत्तरी कमान के आर्मी गुडविल स्कूलों (एजीएस) ने आज अपनी साझेदारी के 10 वर्ष पूरे होने का उत्सव मनाया। यह साझेदारी जम्मू, कश्मीर और लद्दाख में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने, स्कूल तंत्र को सुदृढ़ बनाने, शिक्षकों को सशक्त करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों के लिए अवसरों का विस्तार करने के लिए समर्पित है। वर्ष 2016 में शुरू हुई यह साझेदारी शिक्षा के परिणामों में सकारात्मक बदलाव लाने और क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपनी पूरी क्षमता हासिल करने में समर्थ बनाने की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पहलगाम स्थित आर्मी गुडविल पब्लिक स्कूल में आयोजित इस विशेष समारोह में उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम तथा भारती एयरटेल फ़ाउंडेशन के सह-अध्यक्ष और भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष श्री राकेश भारती मित्तल की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर भारतीय सेना और भारती एयरटेल फ़ाउंडेशन के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने कहा, “यह साझेदारी हमारी उस साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिसके तहत हम हर विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विकास के सार्थक अवसर पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं। पिछले एक दशक में हमने मजबूत व्यवस्थाओं, सशक्त शिक्षकों, नवाचार आधारित शिक्षण और विद्यार्थियों के लिए बढ़े अवसरों के माध्यम से आर्मी गुडविल स्कूलों में उल्लेखनीय बदलाव देखा है। हम मिलकर ऐसे युवा नागरिकों का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो आत्मविश्वासी, सक्षम और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हों।”

भारती एयरटेल फ़ाउंडेशन के सह-अध्यक्ष और भारती एंटरप्राइजेज के उपाध्यक्ष श्री राकेश भारती मित्तल ने कहा, “शिक्षा के क्षेत्र में स्थायी और सार्थक बदलाव धैर्य, मजबूत साझेदारियों तथा संस्थानों को सशक्त बनाने के लिए दीर्घकालिक प्रतिबद्धता से ही संभव होता है। पिछले 10 वर्षों में मुख्यालय उत्तरी कमान के आर्मी गुडविल स्कूलों के साथ हमारी साझेदारी केवल स्कूलों को मजबूत बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह ऐसे शैक्षिक वातावरण के निर्माण तक विकसित हुई है, जो शिक्षकों को सशक्त करता है, नवाचार को बढ़ावा देता है और विद्यार्थियों को अपनी परिस्थितियों की सीमाओं से परे जाकर बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करता है। आने वाले समय में भी हमारा साझा प्रयास इस बात पर केंद्रित रहेगा कि हर विद्यार्थी को, चाहे वह किसी भी भौगोलिक क्षेत्र से आता हो, अपनी क्षमता का पूर्ण विकास करने के लिए आवश्यक अवसर और कौशल उपलब्ध हों। हम मिलकर अगली पीढ़ी को वह मजबूत आधार देने की आशा रखते हैं, जिसकी बदौलत वे अपने लिए और समाज के लिए एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकें।”
पिछले एक दशक में यह साझेदारी 14 आर्मी गुडविल स्कूलों को सहयोग देने से आगे बढ़कर जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के सभी 43 एजीएस में व्यापक बदलाव लाने तक पहुंच गई है। स्कूल समर्थन, व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा संस्थागत एवं छात्र परिवर्तन के तीन चरणों से गुजरते हुए यह सहयोग व्यक्तिगत स्तर के प्रयासों से आगे बढ़कर ऐसी टिकाऊ व्यवस्थाओं के निर्माण तक विकसित हुआ है, जो संस्थानों को मजबूत बनाती हैं और विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में सुधार लाती हैं। प्रमुख पहलों में संस्था प्रमुखों के लिए नेतृत्व विकास, सुव्यवस्थित शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक ढांचे, स्कूल संचालन प्रक्रियाएं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाएं शामिल हैं, जिन्होंने स्कूलों में गुणवत्ता और एकरूपता को मजबूत किया है।

इस परिवर्तन के केंद्र में शिक्षक रहे हैं। शिक्षण पद्धतियों, बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक दक्षता, प्रौद्योगिकी के उपयोग तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 पर केंद्रित निरंतर व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों के माध्यम से सभी एजीएस शिक्षकों को अब द टीचरऐप (TheTeacherApp) के माध्यम से निरंतर सीखने और प्रशिक्षण की आजीवन निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है।

इस साझेदारी ने एक्सपोज़र विज़िट्स, इंटर्नशिप, करियर मार्गदर्शन, छात्रवृत्तियों और अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोले हैं। एजीएस में स्थापित इनोवेशन क्लबों की बदौलत विद्यार्थियों द्वारा संचालित 160 से अधिक परियोजनाएं विकसित की गई हैं। साथ ही, विद्यार्थियों ने इसरो युविका, इंस्पायर-मानक, यंग साइंटिस्ट इंडिया, स्कूल एंटरप्राइज चैलेंज और यंग टेक्नोलॉजी स्कॉलर्स जैसे प्रतिष्ठित कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

इन प्रयासों का प्रभाव एजीएस के विद्यार्थियों और स्कूलों को मिल रही बढ़ती राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान में भी दिखाई देता है। इसका एक प्रमुख उदाहरण आर्मी गुडविल स्कूल वुज़र है, जिसे इनोवेशन कैटेगरी में दुनिया के शीर्ष 10 स्कूलों में स्थान मिला है।

वर्ष 2026 में साझेदारी का नवीनीकरण होने के बाद, भारती एयरटेल फ़ाउंडेशन और आर्मी गुडविल स्कूल, स्कूलों को उत्कृष्टता, नवाचार और समग्र विकास के केंद्रों के रूप में और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि प्रत्येक बच्चे को बदलती दुनिया में सफलता हासिल करने के लिए आवश्यक आत्मविश्वास, कौशल और अवसर मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.