जापानी पर्यटकों की राजस्थान में सोलो ट्रैवल में बढ़ी दिलचस्पी, पैलेस ऑन व्हील्स बना आकर्षण

जयपुर/टोक्यो। राजस्थान के पर्यटन को लेकर जापानी पर्यटकों की पसंद में बदलाव देखने को मिल रहा है। टोक्यो में चार दिनों तक आयोजित टूरिज्म एक्सपो जापान के समापन पर जापानी पर्यटकों और ट्रैवल कारोबार से जुड़े प्रतिनिधियों ने किले-महलों और रेगिस्तान के साथ सोलो ट्रैवल, पैलेस ऑन व्हील्स, वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, हस्तशिल्प और स्थानीय खान-पान जैसे नए पर्यटन अनुभवों में भी रुचि दिखाई।

विशेष रूप से अकेले राजस्थान घूमने की इच्छुक महिला यात्रियों ने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रा सुविधाओं को लेकर सवाल किए। उन्हें राजस्थान में पुलिस सहायता व्यवस्था, टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स और महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को चार दिवसीय पर्यटन एक्सपो का समापन हुआ। 24 से 27 सितंबर तक आयोजित इस आयोजन में राजस्थान पर्यटन विभाग ने भाग लिया। पर्यटन सचिव शुचि त्यागी ने विभाग का प्रतिनिधित्व किया, जबकि संयुक्त निदेशक अजय शर्मा भी जापान में मौजूद रहे।

सोलो ट्रैवल में महिलाओं की खास रुचि

अजय शर्मा ने बताया कि एक्सपो के दौरान कई जापानी महिला यात्रियों ने अकेले राजस्थान घूमने में रुचि दिखाई। उनकी प्रमुख चिंता सुरक्षा को लेकर थी। उन्हें राज्य में उपलब्ध पुलिस सहायता, टूरिस्ट असिस्टेंस फोर्स और महिला पुलिसकर्मियों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि जापानी बाजार में राजस्थान को लेकर पर्यटकों की पूछताछ अब केवल पारंपरिक पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है। पर्यटक राज्य में नए और अनुभव आधारित पर्यटन विकल्पों के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।

पैकेज टूर और कनेक्टिविटी पर सवाल

जापानी ट्रैवल एजेंटों और टूर ऑपरेटरों ने राजस्थान के पैकेज टूर को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न पर्यटन स्थलों को एक ही यात्रा कार्यक्रम में शामिल करने, उनके बीच रेल, सड़क और हवाई संपर्क, यात्रा में लगने वाला समय, होटल और यात्रा खर्च से जुड़े सवाल किए।

जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, रणथंभौर और शेखावाटी को अलग-अलग पर्यटन अनुभवों के साथ जोड़ने पर भी चर्चा हुई। वन्यजीव, ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय खान-पान को लेकर भी आगंतुकों ने जानकारी प्राप्त की।

पैलेस ऑन व्हील्स बना आकर्षण का केंद्र

राजस्थान के पर्यटन उत्पादों में पैलेस ऑन व्हील्स जापानी आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। ट्रेन के शाही स्वरूप, सजावट, यात्रा अनुभव और बुकिंग प्रक्रिया के बारे में लोगों ने जानकारी ली।

अजय शर्मा के अनुसार, जापानी पर्यटक राजस्थान की राजसी विरासत के साथ उससे जुड़े विशिष्ट और अनुभव आधारित पर्यटन में भी रुचि दिखा रहे हैं।

जे.टी.बी. और जापानी ट्रैवल इंडस्ट्री से बातचीत

जापान की प्रमुख यात्रा कंपनी जे.टी.बी. के समूह यात्रा प्रभाग के प्रतिनिधियों के साथ भी राजस्थान पर्यटन को लेकर बातचीत हुई। जापानी बाजार में राजस्थान को बढ़ावा देने और वहां के यात्रा उद्योग के साथ सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

जापानी यात्रा मीडिया, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रभावशाली लोगों ने भी राजस्थान पर वीडियो और डिजिटल सामग्री तैयार करने में रुचि दिखाई।

टोक्यो के सकुरा होटल के प्रतिनिधि कियोताका कोबायाशी ने राजस्थान के होटल उद्योग के साथ संपर्क बढ़ाने में रुचि दिखाई। वहीं जापान ट्रैवल एजेंट संघ से जुड़े ताकाहिरो सातो ने राजस्थान पर्यटन के स्टॉल का दौरा कर राज्य के पर्यटन उत्पादों की जानकारी ली।

जीआईटीबी-2027 में भागीदारी की तैयारी

अजय शर्मा ने बताया कि राजस्थान पर्यटन पहले भी जापान के ट्रैवल एजेंटों और टूर ऑपरेटरों को ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार (GITB) में आमंत्रित करता रहा है। एक्सपो के दौरान कई जापानी टूर ऑपरेटरों और प्रभावशाली लोगों ने जीआईटीबी-2027 में भाग लेने में रुचि दिखाई।

तीन साल में 5.4 गुना बढ़ीं जापानी पर्यटक यात्राएं

राजस्थान में जापानी पर्यटकों की यात्राओं में पिछले कुछ वर्षों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में 4,659 जापानी पर्यटक यात्राएं दर्ज हुई थीं। यह संख्या 2023 में बढ़कर 16,229, 2024 में 25,748 और 2025 में 25,250 हो गई।

इस तरह 2022 की तुलना में 2025 में जापानी पर्यटक यात्राओं की संख्या करीब 5.4 गुना रही।

भारत और जापान के बीच पर्यटन सहयोग भी लगातार मजबूत हुआ है। दोनों देशों के पर्यटन सहयोग संबंधी संयुक्त कार्य समूह में बौद्ध पर्यटन, विद्यार्थी यात्राएं, पर्यटन संस्थानों के आदान-प्रदान, यात्रा कारोबारियों और मीडिया के परिचय दौरों तथा हवाई संपर्क जैसे विषयों पर जोर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.