चार वर्षों में यूरोप के शीर्ष 10 देशों से 16.37 लाख पर्यटक पहुंचे राजस्थान

जयपुर। लंदन में वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट (डब्लूटीएम) के समापन के साथ ही राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों से जुड़े आंकड़े राज्य की बढ़ती वैश्विक लोकप्रियता की तस्वीर पेश कर रहे हैं। पिछले चार वर्षों में यूरोप के शीर्ष 10 देशों से राजस्थान में 16.37 लाख पर्यटक यात्राएं दर्ज की गई। इनमें अकेले ब्रिटेन से 3.88 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे। जापान और चीन से भी इसी अवधि में करीब 87 हजार पर्यटक आगमन हुए। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी के मार्गदर्शन में राजस्थान पर्यटन विभाग डब्लूटीएम लंदन, आईटीबी बर्लिन और टूरिज्म एक्सपो जापान जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मार्ट में भागीदारी के जरिए राज्य को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के प्रयास कर रहा है।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड के अनुसार, राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अग्रणी गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए प्रमुख वैश्विक बाजारों में निरंतर प्रचार-प्रसार और भागीदारी महत्वपूर्ण है। राज्य की पर्यटन पहचान को ऐतिहासिक विरासत के साथ वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, आध्यात्मिक पर्यटन, इको टूरिज्म और अनुभव आधारित उत्पादों तक विस्तार दिया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की बदलती पसंद के अनुरूप राजस्थान के विविध पर्यटन आकर्षणों को वैश्विक स्तर पर प्रस्तुत करना विभाग की प्राथमिकता है।

राजस्थान पर्यटन विभाग के देशवार आंकड़ों के अनुसार, यूरोप के शीर्ष 10 देशों से पर्यटक आगमन वर्ष 2022 में 1,40,204 था, जो 2023 में बढ़कर 4,20,104 और 2024 में 5,34,409 हो गया। वर्ष 2025 में यह संख्या 5,42,205 दर्ज की गई। इस प्रकार चार वर्षों में इन देशों से कुल 16,36,922 पर्यटक यात्राएं राजस्थान में हुई। इनमें ब्रिटेन और फ्रांस सबसे प्रमुख स्रोत बाजार बनकर उभरे। ब्रिटेन से चार वर्षों में 3,88,898 और फ्रांस से 3,88,895 पर्यटक आगमन दर्ज हुए। जर्मनी से 2,39,023, इटली से 2,20,778 और स्पेन से 1,43,157 पर्यटक पहुंचे। नीदरलैंड, बेल्जियम, पोलैंड, स्विट्जरलैंड और रूस भी प्रमुख यूरोपीय बाजारों में शामिल रहे।

ब्रिटेन से पर्यटक आगमन में वृद्धि विशेष रूप से उल्लेखनीय है। वर्ष 2022 में जहां ब्रिटेन से 29,532 पर्यटक आगमन दर्ज हुए थे, वहीं 2025 में यह संख्या बढ़कर 1,33,978 हो गई। यानी चार वर्षों में यह आंकड़ा 4.5 गुना से अधिक हो गया। फ्रांस से भी इसी अवधि में 34,999 से बढ़कर 1,31,270 पर्यटक यात्राए दर्ज की गई।

राजस्थान पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक आनंद कुमार त्रिपाठी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मार्ट में राज्य की निरंतर भागीदारी राजस्थान की वैश्विक ब्रांडिंग की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है इऩके जरिए राज्य के पर्यटन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने के महत्वपूर्ण अवसर मिलते हैं। प्रमुख यूरोपीय देशों से पर्यटक आगमन के आंकड़े उत्साहजनक हैं। विभाग का प्रयास है कि राजस्थान के पारंपरिक पर्यटन आकर्षणों के साथ वन्यजीव, ग्रामीण पर्यटन, लोक संस्कृति, धार्मिक स्थलों और नए अनुभव आधारित पर्यटन उत्पादों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में व्यापक पहचान मिले।

एशियाई बाजारों में जापान राजस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण स्रोत बाजार के रूप में सामने आया है। वर्ष 2022 से 2025 के बीच जापान से 71,886 पर्यटक आगमन दर्ज हुए, जबकि चीन से 15,771 पर्यटक पहुंचे। दोनों देशों से कुल 87,657 पर्यटक आगमन हुए। जापान से वर्ष 2025 में 25,250 पर्यटक आए, जबकि चीन से यह संख्या 5,486 रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published.