लखनऊ की गलियों से उठेगी बदले की चिंगारी, दिसंबर में पर्दे पर आएगी ‘सुल्तान मिर्जा’

मुंबई: एक्शन, इमोशन और बदले की कहानी से सजी फिल्म ‘सुल्तान मिर्जा’ ने अपने धमाकेदार ट्रेलर लॉन्च के साथ फिल्मी गलियारों में हलचल मचा दी है। निर्देशक इकबाल बख्श के निर्देशन और निर्माता हिमायत अली के निर्माण में बनी यह फिल्म दिसंबर में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म को लगभग 1200 सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
शान परफॉर्मिंग ग्रुप के बैनर तले और OQAAB इंटरनेशनल के सहयोग से बनी इस फिल्म में साहिल अख्तर खान, श्वेता दुबे, देव गिल, जरीना वहाब, यशपाल शर्मा, अनंत जोग, हिमायत अली, शुभांगी लटकर, सिकंदर खान, अहसान खान, शमीम खान, दीपक भाटिया, गुलशन पांडे, अमजद कुरैशी, एहतेशाम खान, जावेद हैदर, रुशद राणा, मनीष शर्मा और देव तिवारी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
ट्रेलर लॉन्च पर निर्माता हिमायत अली ने बताया कि पूरी टीम ने फिल्म के लिए अपना सौ प्रतिशत दिया है और शूटिंग के दौरान कलाकारों को चोटें तक आईं। लखनऊ की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक भावनात्मक ड्रामा है। वहीं सिकंदर खान ने इसे इकबाल बख्श के साथ अपनी 13वीं फिल्म बताते हुए इसके एक्शन और बदले की कहानी को खास बताया।
निर्देशक इकबाल बख्श ने इसे पूरी टीम की मेहनत और पारिवारिक एकजुटता का परिणाम बताया। फिल्म का संगीत आबिद जमाल, गीत सहर रियाज, कहानी दीपक भाटिया तथा पटकथा और संवाद हिमायत अली ने लिखे हैं। डीओपी संतोष सिंह, एक्शन डायरेक्टर जावेद आर. शेख और कोरियोग्राफर दिलीप मिस्त्री हैं। राजेश रोकड़े, गेंदराज यादव, शंकर गुप्ता (दादा), सुभाष यादव और जावेद मीर खान सह-निर्माता हैं, जबकि फारुक हुमानी प्रस्तुतकर्ता और अमजद कुरैशी एसोसिएट प्रोड्यूसर हैं।
ट्रेलर लॉन्च में सिकंदर मिर्जा, सुनील पाल, रणवीर खान, सोफियान सैय्यद और ताहिर कमाल खान की मौजूदगी ने आयोजन की रौनक बढ़ाई। अब दर्शकों को दिसंबर में इस एक्शन और इमोशन से भरपूर फिल्म का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.