एक मां का सपना, चार बेटियों की शादी और दो विपरीत सोच वालों की दिलचस्प प्रेम कहानी, ज़ी टीवी पर शुरू होगा ‘शुभ शगुन शहनाइयां’

New Delhi : क्या किसी मां का सपना सिर्फ अपनी चार बेटियों की धूमधाम से शादी करना और उनके लिए अच्छे घरों में रिश्ते ढूंढना होता है? या वो चाहती है कि बेटियों को ऐसे जीवनसाथी मिलें, जो उन्हें प्यार देने के साथ उनका मान-सम्मान भी बनाए रखें? और जब एक मध्यमवर्गीय परिवार ज़िंदगी की तमाम मुश्किलों के बीच अपने संस्कारों और स्वाभिमान को संभालकर आगे बढ़ता है, तो उसकी कहानी कितनी दिलचस्प हो सकती है? ऐसे ही रिश्तों, सपनों और प्यार के रंग लेकर ज़ी टीवी अपना नया फिक्शन शो ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ लेकर आ रहा है। ज़ी टीवी, भारत का नंबर 1 कोर प्राइम टाइम जीईसी चैनल, जिसके नाम तीन स्लॉट लीडर्स हैं, इस नए शो के जरिए दर्शकों के सामने एक ऐसी कहानी पेश करने जा रहा है, जिसमें मां की ख्वाहिश और दो बिल्कुल अलग सोच वाले लोगों की लव स्टोरी देखने को मिलेगी।

लखनऊ की खूबसूरत और सांस्कृतिक रंगों से भरी पृष्ठभूमि में रची गई इस कहानी के केंद्र में हैं सुधा। वो एक स्नेही और पारंपरिक सोच वाली गृहिणी हैं, जिनका सबसे बड़ा सपना अपनी चार बेटियों आराधना, अमूल्या, अंकिता और आयुषी के लिए अच्छे जीवनसाथी ढूंढना और उन्हें खुशहाल परिवारों में फलते-फूलते देखना है। 30 नवंबर 2026 से शुरू होने वाला ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे सिर्फ ज़ी टीवी पर प्रसारित होगा।

शो में अमूल्या की मुख्य भूमिका में बृंदा दहल नजर आएंगी। अमूल्या हंसमुख, बेबाक और भावनात्मक रूप से मजबूत लड़की है। उसकी सोच आधुनिक है, लेकिन वो अपने परिवार के संस्कारों और मूल्यों से गहराई से जुड़ी हुई है। वो अपनी बात कहने से नहीं हिचकती और गलत के खिलाफ खुलकर खड़ी होती है। जहां भी जाती है, अपने साथ खुशियां और हर परेशानी का कोई न कोई जुगाड़ लेकर पहुंचती है। अमूल्या में कारोबार करने की अच्छी समझ भी है। वो अपनी मां के घर पर बने नमकीन और मिठाई के कारोबार को ऑनलाइन पहुंचाने में उनकी मदद करती है। साथ ही अपनी बहनों और परिवार के मान-सम्मान की रक्षा के लिए हमेशा ढाल बनकर खड़ी रहती है।

वहीं, फहमान खान ज़ी टीवी पर वापसी कर रहे हैं और शो में वेदांत विक्रम सिंह की मुख्य भूमिका निभाएंगे। वेदांत तेज दिमाग वाला, अनुशासित और अपनी मेहनत से कामयाबी हासिल करने वाला कारोबारी है। उसकी ज़िंदगी का मंत्र है, ‘आज नहीं तो कब? मैं नहीं तो कौन?’ बाहर की दुनिया के लिए वो सख्त, अपने जज़्बात छिपाकर रखने वाला और शेर जैसे कलेजे वाला इंसान है। लेकिन परिवार के बीच आते ही उसका यही सख्त अंदाज़ नरम पड़ जाता है। उसके इस रूप से पता चलता है कि सख्त दिखने वाले वेदांत के भीतर एक ऐसा इंसान भी है, जो अपने परिवार से बेहद प्यार करता है और अपनों की परवाह करता है।

भटनागर परिवार की भावनात्मक धुरी हैं अनुभवी अभिनेत्री ज्योति मुखर्जी, जो सुधा का किरदार निभा रही हैं। सुधा एक ऐसी मां हैं, जो समझदार और व्यावहारिक होने के साथ-साथ बच्चों जैसी मासूमियत भी रखती हैं। वो अपने पति रघुनाथ (विश्वनाथ चटर्जी) के साथ मिलकर घर संभालती हैं और पूरे गर्व के साथ घर से ही कैटरिंग का कारोबार भी चलाती हैं। अपनी बेटियों को वो यही सीख देती हैं कि ज़िंदगी में किसी भी रिश्ते से बढ़कर अपना स्वाभिमान और आत्मसम्मान होता है।

अमूल्या और वेदांत की सोच कारोबार से लेकर ज़िंदगी तक हर मामले में एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। ऐसे में दोनों के बीच होने वाली टकरार और उनकी जबर्दस्त केमिस्ट्री दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प होने वाली है। एक तरफ मां का सपना है कि उनकी चारों बेटियों की शादी अच्छे घरों में हो और दूसरी तरफ दो विपरीत सोच वाले लोगों की हाई वोल्टेज लव स्टोरी। इन्हीं दोनों रंगों को साथ लेकर ज़ी टीवी ने मुंबई में ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ को लॉन्च किया। इस मौके पर शो के मुख्य कलाकार ज्योति मुखर्जी, फहमान खान, बृंदा दहल, विश्वनाथ चटर्जी और स्वाति चिटनिस के साथ पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। सभी ने दर्शकों को शो की दुनिया और इसके किरदारों से रूबरू कराया।

 

शो में अमूल्या का किरदार निभा रहीं बृंदा दहल ने कहा, “अमूल्या का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद खुशी की बात है, क्योंकि वो बेबाक है, कारोबार की समझ रखती है और हर परेशानी का कोई न कोई जुगाड़ निकाल लेती है। लेकिन इन सबके बीच वो अपने परिवार के स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करती। इतने अलग-अलग जज़्बातों को समेटने वाले शो का हिस्सा बनना मेरे लिए बहुत खास रहा है। मैं चाहती हूं कि दर्शक अमूल्या को जानें, उसके किरदार से जुड़ें और हमारी बनाई इस दुनिया को अपना प्यार दें।”

शो में वेदांत का किरदार निभा रहे फहमान खान ने कहा, “‘शुभ शगुन शहनाइयां’ का हिस्सा बनना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा है। मेरा किरदार अनुशासन और अपने काम पर पूरा ध्यान देने वाला इंसान है। वो अपने परिवार के लिए बेहद वफादार है, भले ही अपने जज़्बात आसानी से जाहिर नहीं करता। मुझे इस शो की कहानी सबसे ज्यादा पसंद आई, क्योंकि इसमें रिश्तों, परिवार के बदलते समीकरणों और प्यार से जुड़े कई जज़्बातों को खूबसूरती से दिखाया गया है। मैं इस नई शुरुआत को लेकर उत्साहित हूं और उम्मीद करता हूं कि दर्शक इस कहानी और इसके किरदारों से उतना ही जुड़ेंगे, जितना हम इन्हें पर्दे पर जीवंत करते हुए जुड़े हैं।”

 

शो में सुधा की भूमिका निभा रहीं ज्योति मुखर्जी ने कहा, “सुधा जैसा किरदार निभाना मेरे लिए दिल को छू लेने वाला अनुभव है। वो अपने परिवार की सबसे मजबूत कड़ी हैं। एक पारंपरिक और समझदार मां, जिसका सबसे बड़ा सपना अपनी चारों बेटियों को खुशहाल और सम्मान से भरी ज़िंदगी देते देखना है। इसके साथ ही वो पूरे गर्व से घर से अपना कैटरिंग का कारोबार भी संभालती हैं। सुधा की सबसे प्यारी बात है उनकी बच्चों जैसी मासूमियत, उनका अटूट विश्वास और पति रघुनाथ के साथ उनका खूबसूरत रिश्ता, जिसमें दोनों एक-दूसरे को बराबर का साथ देते हैं। मुझे लगता है कि देशभर की मांएं और परिवार सुधा की रोजमर्रा की खुशियों, छोटी-छोटी चिंताओं और अपने परिवार के लिए उनके बेशर्त प्यार में खुद की झलक जरूर देखेंगे।”

दिलचस्प कहानी, अपने-से लगने वाले किरदारों और शानदार कलाकारों से सजा ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ दर्शकों के दिलों से जुड़ने की कोशिश करेगा। सुधा अपनी चारों बेटियों के लिए देखे सपनों को पूरा करने की राह पर आगे बढ़ेंगी, तो वहीं दो बिल्कुल अलग दुनिया और सोच के बीच टकराव भी देखने को मिलेगा।

तो तारीख याद रखिए। ‘शुभ शगुन शहनाइयां’ का प्रीमियर 30 नवंबर 2026 से होगा और इसे सोमवार से शुक्रवार रात 10 बजे सिर्फ ज़ी टीवी पर देख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.