गहना वशिष्ठ की धमाकेदार वापसी, ‘सागा ऑफ लव’ में रोमांस के साथ दिखेगा हॉरर का तड़का

मुंबई : मोहब्बत अगर सात जन्मों तक अधूरी रहे और हर बार किस्मत प्रेमियों को जुदा कर दे, तो यह कहानी सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि रहस्य और रोमांच का अनोखा सफर बन जाती है। कुछ ऐसी ही दिलचस्प कहानी के साथ गहना वशिष्ठ ने मनोरंजन जगत में अपनी बहुप्रतीक्षित वापसी की है। अपने ही निर्माण संस्थान जीवी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी उनकी रोमांटिक हॉरर फिल्म ‘सागा ऑफ लव’ हंगामा ओटीटी पर प्रदर्शित हो चुकी है।
इस फिल्म में गहना वशिष्ठ ने निर्देशन की जिम्मेदारी संभालने के साथ मुख्य अभिनेत्री की भूमिका भी निभाई है। उनके साथ शान मिश्रा, अंकित राज, आतिफ भट्ट, ज्योति तिवारी, शुभांगी शर्मा, आलोक नाथ पाठक और राजीव सिंह भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
1608 से शुरू होकर 2022 तक पहुंचने वाली यह कहानी सात जन्मों के प्रेम, पुनर्जन्म और बिछड़ने के दर्द को रहस्यमयी डरावने घटनाक्रम के साथ जोड़ती है। सिया और राघव की मोहब्बत हर दौर में नए रूप में जन्म लेती है, लेकिन नियति बार-बार उनके मिलन के रास्ते में दीवार बनकर खड़ी हो जाती है। गोवा और बालाजी स्टूडियो में फिल्माई गई ‘सागा ऑफ लव’ में इतिहास, जुनून, रहस्य और भावनाओं का दिलचस्प संगम देखने को मिलता है। गहना वशिष्ठ की यह वापसी अभिनय के साथ उनके निर्देशन और निर्माण की प्रतिभा को भी नए अंदाज में सामने लाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.