सबकी नजरें अब गली ब्वाय पर

मुंबई। बाक्स आफिस पर इस वक्त नई फिल्मों की सफलता का सूखा पड़ा हुआ है। पिछले दो सप्ताह में रिलीज हुई नई फिल्में दर्शकों की पसंद बनने में नाकामयाब साबित हुईं। इन फिल्मों में विधु विनोद चोपड़ा की कंपनी में बनी शैली चोपड़ा की फिल्म एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा का नाम भी शामिल है। समलैंगिकता पर बनी इस फिल्म को दर्शकों ने खारिज कर दिया। इसके बाद पिछले शुक्रवार को आधा दर्जन से ज्यादा नई फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन पहले ही दिन ज्यादातर फिल्में धराशायी हो गईं।
इन हालातों में अब इस शुक्रवार को रिलीज होने जा रही फिल्म गली ब्वाय पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। रणबीर सिंह और आलिया भट्ट की जोड़ी को लेकर बनी जोया अख्तर की इस फिल्म को लेकर फिल्म बाजार के विश्लेषकों को उम्मीद है कि ये फिल्म सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती है। जानकारों की राय में ये फिल्म रिलीज के पहले दिन 12 करोड़ से लेकर 15 करोड़ के बीच का कारोबार कर सकती है। यहां तक अनुमान लगाया जा रहा है कि ये फिल्म पहले वीकंड में सौ करोड़ के आंकड़े को भी छू सकती है।
 इसकी वजह मानी जा रही है कि फिल्म को वेलिंटाइन डे के मौके पर रिलीज किया जा रहा है, जिससे युवा वर्ग इस रोमांटिक फिल्म के प्रति आकर्षित होगा। आलिया भट्ट के साथ रणबीर सिंह पहली बार फिल्मी परदे पर लौट रहे हैं। फिल्म का प्रचार जोरो शोरों से किया गया है। रणबीर सिंह पिछले साल रिलीज हुई उनकी फिल्म पद्मावत के बाद परदे पर लौट रहे हैं, तो आलिया भट्ट ने भी पिछले साल राजी में प्रभावित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.