New Delhi : डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स (DICV), भारतबेंज ट्रकों और बसों की निर्माता तथा डेमलर ट्रक एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, ने आज तमिलनाडु में लगभग ₹4,000 करोड़ के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है। इस निवेश का लक्ष्य भारतबेंज और भारत के वाणिज्यिक वाहन पारिस्थितिकी को अधिक सुदृढ़ बनाना है। यह अतिरिक्त निवेश, तमिलनाडु इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव में तमिलनाडु सरकार के साथ एक गैर-बाध्यकारी सुविधा समझौता ज्ञापन (MoU) के तौर पर किया गया है।
इस अतिरिक्त निवेश से भारत में DICV का संचयी निवेश बढ़कर ₹14,500 करोड़ से पार हो जाएगा। इस कदम से, भारत में भारतबेंज के निर्माण के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता झलकती है। 2012 में लॉन्च होने के बाद से, भारतबेंज ने भारतीय सड़कों पर 220,000 से अधिक ट्रकें और बसें उतारी हैं। ये सभी वाहन माल परिवहन, निर्माण, खनन, लॉजिस्टिक्स और यात्री परिवहन के क्षेत्रों में ग्राहकों को सेवा प्रदान कर रहे हैं।
इस निवेश से भारतबेंज का उत्पाद विकास, विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास, अवसंरचनाओं और भविष्य प्रौद्योगिकी हेतु तैयारियों में सहायता मिलने की उम्मीद है, साथ ही प्रस्तावित अवधि के दौरान लगभग 400 रोजगार पैदा होने की अपेक्षा है। यह DICV के लिए भारत में भारतबेंज के भविष्यगामी विकास हेतु आवश्यक क्षमताओं के प्रबलीकरण में सहायक होगा।
भारतबेंज का निर्माण, जिससे अगले चरण में वाणिज्यिक वाहन का तेज विकास होने की अपेक्षा
भारत का वाणिज्यिक वाहन बाजार और देश की आर्थिक प्रगति एक-दूसरे से अलग नहीं है। सड़कों, राजमार्गों, औद्योगिक कॉरिडोर, बंदरगाहों, खनन, लॉजिस्टिक्स अवसंरचनाओं और सार्वजनिक परिवहन पर लगातार बढ़ते निवेश के मद्देनज़र विश्वसनीय ट्रकों और बसों की आवश्यकता भी बढ़ रही है ताकि ग्राहकों को बेहतर अपटाइम, सुरक्षा, दक्षता और स्वामित्व की कुल लागत मिल सके। इस प्रस्तावित निवेश के ज़रिए, भारतबेंज को मजबूत उत्पाद विकास, विनिर्माण क्षमता, स्थानीयकरण और सेवा तैयारियों के माध्यम से ग्राहकों की बदलती अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
भारतबेंज की ट्रकों को विशेष रूप से भारतीय ड्यूटी चक्रों के लिए डिज़ाइन किया गया और बनाया गया है, जो लंबी दूरी के परिवहन, क्षेत्रीय वितरण, निर्माण, खनन, ट्रैक्टर-ट्रेलर और विशेष परिवहन अनुप्रयोगों के लिए बिलकुल उपयुक्त हैं। बसों की बात की जाए तो, भारतबेंज स्कूल, कर्मचारियों और अंतर-शहरी परिवहन हेतु बसें भी उपलब्ध कराता है। ये बसें यात्रियों की सुरक्षा, विश्वसनीयता, अपटाइम, चालक के कम्फर्ट और परिचालन दक्षता जैसी प्राथमिकताओं को ध्यान में रख कर बनाई गई हैं।
भारत में अपने अगले चरण के विकास के लिए DICV बिलकुल तैयार है। चेन्नई के पास ओरगडम में स्थित इसकी 400 एकड़ में फैली एकीकृत विनिर्माण और आर एंड डी फैसिलिटी में 4,000 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं और 400 से अधिक स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं का मजबूत समर्थन हासिल है, जबकि भारतबेंज के लगभग 92% उत्पादों का मूल्य इसके भारतीय आपूर्तिकर्ता नेटवर्क के माध्यम से स्थानीयकृत है। 420 से अधिक डीलर और सर्विस टचपॉइंट्स इसके देशव्यापी भारतबेंज नेटवर्क का हिस्सा हैं, जो कई फ्रेट कॉरिडोर, औद्योगिक क्षेत्रों और आंचलिक बाजारों में फैले हैं। पुणे में हाल ही में लॉन्च किया गया पार्ट्स लॉजिस्टिक्स सेंटर पुर्जों की उपलब्धता सुनिश्चित करता है, जिससे न केवल डीलरों की मदद होती है बल्कि ग्राहक अपटाइम भी ज्यादा बेहतर बनता है।
भारत में भारतबेंज के प्रबलीकरण के साथ डेमलर ट्रक के वैश्विक नेटवर्क का विस्तार
हालाँकि, भारत में भारतबेंज – DICV का एक मुख्य ब्रांड रहा है, लेकिन कंपनी डेमलर ट्रक के वैश्विक नेटवर्क में विनिर्माण, सोर्सिंग और इंजीनियरिंग की महत्वपूर्ण भूमिका भी निभाती है। DICV ने 70 से अधिक बाजारों में 75,000 से अधिक ट्रकें और बसें तथा 330 मिलियन से अधिक पुर्जे निर्यात किए हैं, साथ ही चेन्नई से जर्मनी स्थित डेमलर ट्रक के संयंत्रों को ट्रांसमिशन की आपूर्ति भी की है। इससे भारत की दोहरी भूमिका सामने आती है: भारतबेंज के माध्यम से दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण वाणिज्यिक वाहन बाज़ार की जरूरतों को पूरा करना, और डेमलर ट्रक के अंतरराष्ट्रीय परिचालनों के लिए उत्पादों, पुर्जों और क्षमताओं का योगदान देना।
इस घोषणा पर टिप्पणी करते हुए, श्री टॉर्स्टन श्मिट, प्रबंध निदेशक एवं CEO, डेमलर इंडिया कमर्शियल व्हीकल्स ने कहा, “भारतबेंज़ भारत के लिए ही बना था, और इस निवेश के ज़रिए हम यह बताना चाहते हैं कि देश के वाणिज्यिक वाहन क्षेत्र में अगले चरण का विकास बड़ा ही दमदार होगा। अवसंरचनाओं, लॉजिस्टिक्स, खनन, निर्माण और यात्री परिवहन साधनों के विस्तार के साथ ही भारतीय ग्राहकों को ऐसी ट्रकों और बसों की आवश्यकता है जो बेहतर अपटाइम, सुरक्षा, विश्वसनीयता और परिचालन दक्षता प्रदान करें। भारतबेंज़ के माध्यम से, हम भारत के लिए उत्पादों, स्थानीयकरण, सेवा तत्परता और पुर्जों की उपलब्धता सुनिश्चित कर रहे हैं, साथ ही डेमलर ट्रक के वैश्विक नेटवर्क के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण विनिर्माण और आपूर्ति आधार के रूप में देश की भूमिका को भी सुदृढ़ बना रहे हैं।”
इस प्रस्तावित निवेश के साथ, DICV का लक्ष्य भारत में भारतबेंज़ की बुनियाद – जैसे स्थानीयकृत उत्पाद विकास, मजबूत आपूर्तिकर्ता साझेदारियाँ, देशव्यापी ग्राहक सहायता और डेमलर ट्रक के वैश्विक विनिर्माण एवं आपूर्ति नेटवर्क में बढ़ती भूमिका को और भी तगड़ा बनाना है। यह प्रस्तावित निवेश, भारत के महत्व को न केवल ‘होम ऑफ़ भारतबेंज़’ के तौर पर बल्कि डेमलर ट्रक के अंतरराष्ट्रीय परिचालनों में एक रणनीतिक योगदानकर्ता के रूप में भी रेखांकित करता है।

