भाजपा मजबूत सरकार देगी : फड़णवीस

मुंबई। नाटकीय घटनाक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ लेने के बाद देवेन्द्र फड़णवीस ने शनिवार को कहा कि भाजपा मजबूत सरकार देगी जो किसानों के लिए काम करेगी। फड़णवीस ने सुबह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा, ‘‘मोदी है तो मुमकिन है।’’

भाजपा ने कांग्रेस-राकांपा- शिवसेना गठबंधन द्वारा सरकार बनाने की संभावनाओं पर पानी फेरते हुए मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राकांपा के अजित पवार द्वारा भाजपा से हाथ मिलाने के कारण वह सरकार बनाने में सफल हुए।
राकांपा प्रमुख शरद पवार के भतीजे अजित ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। फड़णवीस ने समर्थन देने के लिए अजित, विधायकों, निर्दलीय विधायकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने शिवसेना की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘‘यह सच है कि कुछ मित्र अब हमारे साथ नहीं हैं।’’ विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद बारी-बारी से मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग को लेकर भाजपा और शिवसेना ने अपनी राह अलग कर ली।

फड़णवीस ने कहा, ‘‘हमारी प्रतिबद्धता अगले पांच वर्षों तक मजबूत सरकार देने की है। हमारी प्रतिबद्धता राज्य के लोगों के लिए है।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा प्रमुख अमित शाह तथा भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा को धन्यवाद दिया। शरद पवार ने दो दिनों पहले कहा था कि उद्धव ठाकरे के राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनने पर उनकी पार्टी और कांग्रेस के बीच सहमति बन गई है। इसके बाद अजित ने यह कदम उठाया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.