मिथिला महोत्सव 2026 में शामिल होंगे डॉ. विभय कुमार झा, बंगवासी मिथिला समाज समिति ने किया आमंत्रित

मधुबनी/कोलकाता। बंगवासी मिथिला समाज समिति, कोलकाता द्वारा आगामी 7 जून 2026 को आयोजित होने वाले “मिथिला महोत्सव 2026” को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति के अध्यक्ष धनंजय ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक कार्यक्रम में देशभर से मिथिला और मैथिली संस्कृति से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों, कलाकारों और समाजसेवियों के शामिल होने की उम्मीद है।

महोत्सव के उद्घाटन एवं दीप प्रज्वलन समारोह के लिए विभिन्न सांसदों और विशिष्ट अतिथियों के साथ लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पार्टी प्रवक्ता डॉ. विभय कुमार झा को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। समिति द्वारा डॉ. झा को दिया गया यह आमंत्रण मिथिला समाज के लिए गर्व और सम्मान का विषय माना जा रहा है।

डॉ. विभय कुमार झा पिछले एक दशक से अपनी सामाजिक संस्था “अभ्युदय” के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, पिछले कुछ वर्षों से वे राजनीतिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहकर समाज और युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि डॉ. झा को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण लगभग छह माह पूर्व ही भेज दिया गया था और उनके कार्यक्रम को लेकर लगातार समन्वय किया जा रहा था। इस बार का मिथिला महोत्सव कई मायनों में विशेष होने वाला है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बंगाल, विशेषकर कोलकाता में मौजूद मैथिली कलाकारों और प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि उनकी कला और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सके।

मिथिला महोत्सव 2026 में पश्चिम बंगाल के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रेमी बड़ी संख्या में भाग लेने आ रहे हैं। आयोजन समिति का मानना है कि यह महोत्सव मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ देशभर के मिथिलावासियों को एक सूत्र में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

समिति अध्यक्ष धनंजय ठाकुर ने विश्वास जताया कि इस वर्ष का आयोजन सांस्कृतिक दृष्टि से ऐतिहासिक और यादगार साबित होगा तथा मिथिला की कला, साहित्य, संगीत और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.