नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जहां हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पलायन करना पड़ा है। वहीं उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद घाटों पर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 8 घंटों के लिए बड़ा मौसम अलर्ट जारी करते हुए देश के 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश, आंधी और तेज हवाओं की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा डिप्रेशन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई राज्यों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, कई क्षेत्रों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते सामान्य जनजीवन, यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
आईएमडी ने उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) का खतरा जताया है। विभाग ने संबंधित राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है।
समुद्री क्षेत्रों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा, पश्चिम बंगाल और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों के पास समुद्र में न जाने की सलाह दी है। इन क्षेत्रों में समुद्र अत्यधिक उग्र रहने और 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें, अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी संभावित आपदा से सुरक्षित रहा जा सके।

