नई दिल्ली । घरेलू स्मार्टफोन ब्रांड लावा इंटरनेशनल लिमिटेड ने मंगलवार को अपने शार्क सीरीज के तहत नया स्मार्टफोन शार्क 2 प्रो 5जी पेश किया। कंपनी के अनुसार, फोन में 6.75 इंच का एचडी+ डिस्प्ले, 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट और 6000 एमएएच की बैटरी दी गई है।
कंपनी ने बताया कि फोन ऑक्टा-कोर यूनिसॉक टी8200 प्रोसेसर से लैस है और इसका AnTuTu स्कोर 5 लाख से अधिक है। इसमें 6 जीबी रैम के साथ अतिरिक्त 6 जीबी वर्चुअल रैम और 128 जीबी इंटरनल स्टोरेज दी गई है। स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए एक टीबी तक बढ़ाया जा सकता है।
शार्क 2 प्रो 5जी में 50 मेगापिक्सल का एआई रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। रियर कैमरे में नाइट मोड, एचडीआर, पोर्ट्रेट, फिल्म, प्रो मोड और मोशन फोटो जैसे फीचर दिए गए हैं। फोन में डुअल-व्यू वीडियो और 2के वीडियो रिकॉर्डिंग की सुविधा भी है।
फोन में 6000 एमएएच की बैटरी के साथ 18 वॉट फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। यह डुअल 5जी सिम, ब्लूटूथ 5.4 और हाइब्रिड सिम स्लॉट को सपोर्ट करता है। सुरक्षा के लिए इसमें साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और फेस अनलॉक की सुविधा है।
कंपनी के मुताबिक, फोन एंड्रॉयड 16 पर चलता है और इसमें बिना अनावश्यक प्री-इंस्टॉल ऐप वाला यूआई दिया गया है। इसमें लावा का एआई आधारित सहायक वायु एआई (Vayu AI) भी दिया गया है। कंपनी फोन के लिए एक एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और दो साल के सुरक्षा अपडेट देगी।
फोन को धूल और पानी के छींटों से बचाव के लिए आईपी64 रेटिंग मिली है। यह आकाश ब्लू और नंदा सिल्वर रंगों में उपलब्ध है।
कंपनी ने बताया कि शार्क 2 प्रो 5जी की कीमत 16,699 रुपये है और यह वित्तीय योजनाओं के साथ देशभर के ऑफलाइन खुदरा विक्रेताओं और सेवा प्रदाताओं के माध्यम से उपलब्ध है। कंपनी फोन के साथ एक साल की हैंडसेट रिप्लेसमेंट वारंटी और एक्सेसरीज पर छह महीने की वारंटी दे रही है।
लावा के अनुसार, ग्राहकों को बिक्री के बाद सहायता के लिए देशभर में उसकी फ्री सर्विस@होम सुविधा भी उपलब्ध होगी।

