मुंबई। महाराष्ट्र के खाद्य और नागरिक आपूर्तिमंत्री धनंजय मुंडे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आज अपना इस्तीफा सौंप दिया। फडणवीस ने उसे स्वीकृत कर राज्यपाल के पास भेज दिया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्रकारों से बातचीत में इसकी पुष्टि की।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे ने आज अपना इस्तीफा दे दिया है। मैंने इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए इसे राज्यपाल को भेज दिया है।
उल्लेखनीय है कि बीड़ जिले के मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में धनंजय मुंडे के सहयोगी कराड को गिरफ्तार किया गया है। विपक्ष इस पर धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग कर रहा था। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने धनंजय मुंडे को इस्तीफा देने का आदेश दिया। मुंडे ने आज सुबह अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री के पास अपने पीए के माध्यम से भिजवा दिया था। हालांकि मुंडे ने कहा है कि उन्होंने मेडिकल कारणों से इस्तीफा दिया है।
वहीं उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने सोमवार की रात को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी। उन्होंने सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में अपराध अन्वेषण विभाग की ओर से आरोपपत्र दायर करने पर चर्चा की थी। इस मामले में ही कराड को आरोपी बनाया गया है।
बता दें कि धनंजय मुंडे बीड जिले के परली से एनसीपी के विधायक हैं। महाराष्ट्र सरकार में उनके पास खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्रालय था। इस पद को संभालने से पहले वो बीड के संरक्षक मंत्री रह चुके है। एनसीपी प्रमुख अजित पवार पुणे के साथ बीड जिले के संरक्षक थे।
जानकारी के मुताबिक बीड के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख को नौ दिसंबर 2024 को अगवा किया गया था। देशमुख ने एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली के प्रयास को रोकने की कोशिश की थी। इस कारण देशमुख को अगवा किया गया और बाद में उनकी हत्या की गई थी। इस हत्या के बाद सीआईडी ने 27 फरवरी 2025 को अदालत में 1200 पेजों का आरोपपत्र दायर किया है। इसमें सरपंच की हत्या, कंपनी से वसूली करने व अन्य मामले दर्ज हुए है।

