हांगझोउ विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी तेज, एनआरएआई ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रशिक्षण शिविर की घोषणा की

रणवीर सिंह


नई दिल्ली।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने चीन के हांगझोउ में होने वाले आईएसएसएफ विश्व कप और आइची-नागोया एशियाई खेलों की तैयारियों के तहत उच्च प्रदर्शन (हाई-परफॉर्मेंस) राष्ट्रीय शूटिंग प्रशिक्षण शिविर शुरू करने की घोषणा की है। यह शिविर भारतीय निशानेबाजी दल के लिए दोनों प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं से पहले अंतिम और सबसे महत्वपूर्ण तैयारी मंच होगा।

20 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में राइफल, पिस्टल और शॉटगन वर्ग के 35 शीर्ष भारतीय निशानेबाज भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, मानसिक मजबूती और प्रतिस्पर्धात्मक तैयारी को अंतिम रूप देना है।

ओलंपिक और विश्व स्तरीय सितारे होंगे शामिल

शिविर में भारत के कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें मनु भाकर, रुद्रांक्क्ष बालासाहेब पाटिल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, एलावेनिल वलारिवन, ईशा सिंह और भवनीश मेंदिरत्ता जैसे ओलंपिक एवं विश्व स्तरीय खिलाड़ी शामिल हैं।

विदेशी और भारतीय विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए एनआरएआई ने अंतरराष्ट्रीय और भारतीय विशेषज्ञों की मजबूत कोचिंग टीम तैयार की है। ट्रैप स्पर्धा के लिए ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता पीटर विल्सन विदेशी कोच के रूप में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। उनके साथ राइफल के लिए थॉमस फार्निक, पिस्टल के लिए जेलेना अरुनोविच और स्कीट के लिए रिकार्डो फिलिपेली जैसे अनुभवी विदेशी कोच भी मौजूद रहेंगे।

भारतीय कोचिंग दल में राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता समरेश जंग (मुख्य कोच, 10 मीटर पिस्टल) तथा पूर्व ओलंपियन अनवर सुल्तान (हाई परफॉर्मेंस कोच, ट्रैप) सहित कई अनुभवी प्रशिक्षक खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे।

खेल विज्ञान पर भी रहेगा विशेष फोकस

शिविर में खिलाड़ियों की फिटनेस, चोटों की रोकथाम, मानसिक तैयारी और शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने के लिए हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूशांप और हाई परफॉर्मेंस मैनेजर रोनक पंडित के नेतृत्व में 11 सदस्यीय स्पोर्ट्स साइंस टीम भी कार्य करेगी।

एनआरएआई अध्यक्ष ने जताया भरोसा

एनआरएआई के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा कि भारतीय निशानेबाजी के लिए आने वाले कुछ महीने बेहद महत्वपूर्ण हैं। हांगझोउ विश्व कप और एशियाई खेल दोनों ही भारत के लिए बड़ी प्रतियोगिताएं हैं। उन्होंने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को सही समय पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार करना और उनकी तकनीकी कमियों को दूर करना है।

खिलाड़ियों को मिलेगा सर्वश्रेष्ठ माहौल

एनआरएआई के महासचिव पवनकुमार सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के बीच बेहतर तालमेल, आत्मविश्वास और सकारात्मक माहौल तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की सामूहिक मेहनत अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के लिए शानदार परिणाम लेकर आएगी।

चरणबद्ध तरीके से होगा प्रशिक्षण

राष्ट्रीय शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण कार्यक्रम को अलग-अलग चरणों में आयोजित किया गया है। राइफल और पिस्टल वर्ग का प्रशिक्षण 12 से 17 जुलाई तक चलेगा, जबकि ट्रैप स्पर्धा का शिविर 14 से 20 जुलाई तक आयोजित होगा। स्कीट टीम का विशेष प्रशिक्षण सत्र 9 जुलाई से ही शुरू किया जा चुका है।

एनआरएआई का मानना है कि यह राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर भारतीय निशानेबाजों को आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.