नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 1 अगस्त से दिल्ली की महिलाओं के जीवन में सम्मान, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का नया अध्याय शुरू हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह राशि केवल वित्तीय मदद नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें अपने जीवन से जुड़े निर्णय लेने की शक्ति देने का माध्यम बनेगी।
महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल
रेखा गुप्ता ने कहा कि किसी महिला के लिए यह उसके नाम की पहली बचत होगी, तो किसी के लिए दवा, बच्चों की पढ़ाई या घर की आवश्यक जरूरतों को पूरा करने का सहारा बनेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को अपनी छोटी-बड़ी आवश्यकताओं के लिए दूसरों पर निर्भर रहने की मजबूरी से मुक्त करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आर्थिक सहायता महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाएगी, उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगी और अपने जीवन को सम्मानपूर्वक जीने का साहस प्रदान करेगी।
ऑनलाइन शुरू हुआ पंजीकरण
दिल्ली सरकार ने योजना के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल खोल दिया है। सरकार ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे https://dly.delhi.gov.in पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं, ताकि योजना का लाभ समय पर मिल सके।
महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
दिल्ली सरकार का कहना है कि दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक सशक्तिकरण और समावेशी विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। सरकार का विश्वास है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ ‘विकसित दिल्ली’ के लक्ष्य को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

