युवाओं के भविष्य को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, कहा- पेपर लीक करने वालों को मिलेगी त्वरित और कठोर सजा
नई दिल्ली। देश में पेपर लीक की घटनाओं को लेकर चल रही चर्चाओं और विरोध प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी। पेपर लीक के मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड देने के लिए मामलों के त्वरित निस्तारण हेतु फास्ट ट्रैक कोर्ट्स का गठन किया जाएगा।”
प्रधानमंत्री की इस घोषणा को प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है। सरकार का मानना है कि फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से पेपर लीक से जुड़े मामलों का तेजी से निपटारा होगा और दोषियों को समयबद्ध एवं कठोर दंड मिल सकेगा।
सरकार ने दोहराया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि भर्ती और परीक्षा प्रणाली में जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

