जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार ने राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है और 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक बार फिर सरकार बनायेगी। राजभवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने नई कैबिनेट को शपथ दिलाई। टीकाराम जूली, गोविंद राम मेघवाल, शकुंतला रावत, हेमाराम चौधरी ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विश्वेंद्र सिंह, महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट, महेश जोशी, रमेश मीणा, ममता भूपेश, भजन लाल जाटव को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली। इसके अलावा बृजेंद्र सिंह ओला, मुरारी लाल मीणा, राजेंद्र गुड्डा और ज़ाहिदा खान को राज्यपाल ने राजस्थान के राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
राज्य मंत्रिपरिषद में 15 नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण से पहले गहलोत ने ट्वीट किया, आज राजस्थान सरकार के मंत्री के रूप में शपथ लेने वाले सभी विधायकों को शुभकामनाएं।’ उन्होंने लिखा, “पिछले 35 महीने में हमारी सरकार ने प्रदेश को संवेदनशील, पारदर्शी एवं जवाबदेह सुशासन देने का कार्य किया है। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया है।”
नए रूप में आप देखेंगे पूरी कैबिनेट को और जनता की आशाएं-अपेक्षाएं जो हैं इस सरकार से उनको हम पूरा करके दिखाएंगे एवं अगली बार वापस सरकार कांग्रेस की बने, ये जो भावना जनता में पैदा हुई है उस भावना पर, उन अपेक्षाओं पर हम खरा उतरेंगे और अगली बार सरकार बनाने में हम लोग कामयाब होंगे। pic.twitter.com/FycTi1Jxoi
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) November 21, 2021
गहलोत के अनुसार-हमारे कार्यकाल में हुए विधानसभा उपचुनावों एवं स्थानीय निकायों के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत दिलाकर जनता ने हमारी सरकार के सुशासन पर मुहर लगाई है। हम सभी को आने वाले समय में भी जनता के इस विश्वास को बनाए रखना है । इसके लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण के साथ कार्य जारी रखना है।
मुख्यमंत्री ने लिखा, ”हम सब एकजुटता के साथ कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी जी नेतृत्व में कांग्रेस की नीति, विचारधारा एवं कार्यक्रम को आम जनता तक लेकर जाएंगे एवं विकास के एजेंडे पर एक बार फिर 2023 के विधानसभा चुनाव को जीतकर पुन: राजस्थान में सरकार बनाएंगे।”