राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने किया पलटवार

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, उनके बयानों की चर्चा खूब होती है। एक बार फिर वे अमेरिका की यात्रा पर हैं। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान को लेकर एक टिप्पणी की। उसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पलटवार करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी की हर विदेश यात्रा भारत का अपमान करने में कहीं पीछे नहीं रहती है। इस बार की यात्रा भी उसी दिशा में जहां वे अपमान तो प्रधानमंत्री मोदी का करना चाहते हैं लेकिन अंत में देश का अपमान करने से नहीं हटते। वे भारत को एक राष्ट्र ही नहीं मानते, वे इसे एक राज्यों का संघ मानते हैं

अनुराग ठाकुर ने कहा कि जब पीएम मोदी विदेश के दौरे पर थे तो वहां उन्होंने 20 से अधिक राष्ट्राध्यक्षों से मिले। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने पीएम मोदी को ‘बॉस’ कहा, शायद राहुल गांधी को यह पसंद नहीं आया।

असल में, अमेरिकी के कैलिफोर्निया  के सांता क्लारा में ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस यूएसए’ द्वारा आयोजित ‘मोहब्बत की दुकान’ कार्यक्रम में गांधी ने कहा कि ये लोग ‘पूरी तरह से इस बात को लेकर आश्वस्त’ हैं कि वे सब कुछ जानते हैं। ये लोग इतिहासकारों को इतिहास, वैज्ञानिकों को विज्ञान और सेना को युद्ध कैसे लड़ना है यह बता सकते हैं। उन्होंने कहा, दुनिया इतनी बड़ी तथा जटिल है कि कोई भी व्यक्ति सब कुछ नहीं जान सकता। यह एक बीमारी है, भारत में लोगों का एक समूह है जो पूरी तरह से आश्वस्त है कि वे सब कुछ जानते हैं। उन्हें लगता है कि वे भगवान से भी अधिक जानते हैं। राहुल गांधी ने कहा, वे भगवान के साथ बैठकर उन्हें समझा सकते हैं कि क्या हो रहा है। और जाहिर सी बात है कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसकी एक बानगी हैं। यदि आप मोदी जी को भगवान के साथ बैठा दें तो वह भगवान को समझाएंगे कि ब्रह्मांड कैसे काम करता है और भगवान भी हैरान परेशान हो जाएगा कि यह मैंने क्या बनाया है।’

राहुल गांधी की इस बात पर वहां मौजूद भारतीय- अमेरिकियों ने खूब ठहाके लगाए। उन्होंने कहा, उन्हें लगता है कि वे इतिहासकारों को इतिहास, वैज्ञानिकों को विज्ञान और सेना को युद्ध के बारे में समझा सकते हैं, मुद्दे की बात ये है कि वे सुनने को तैयार नहीं हैं।’ कार्यक्रम में न केवल सिलिकॉन वैली बल्कि लॉस एंजिलिस और कनाडा से भी समुदाय के सदस्यों ने हिस्सा लिया। राहुल गांधी ने भारतीय अमेरिकियों से कहा कि भारत के विचार पर हमला हो रहा है और इसे चुनौती दी जा रही है। उन्होंने अमेरिका में भारत का झंडा बुलंद करने, अमेरिकी लोगों की संस्कृति का सम्मान करते हुए उन्हें यह बताने कि एक भारतीय होने का क्या अर्थ होता है, और साथ ही उनसे सीखने और उन्हें अपनी संस्कृति के बारे में बताने के लिए भारतीय अमेरिकियों की सराहना की।
इस दौरान राहुल ने ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने यात्रा को रोकने की कोशिश की थी और पार्टी के खिलाफ पुलिस और एजेंसियों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि लोगों से जुड़ने के लिए जो भी संसाधनों की हमें जरूरत थी, उसपर भाजपा और आरएसएस का नियंत्रण था और इसलिए हमने भारत जोड़ो यात्रा की।

वहीं, भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल गांधी को वंशवादी बताया। आरोप लगाया कि उन्होंने विदेशी धरती पर तमिल संस्कृति और दंडवत को ‘लेटे हुए’ कहकर मजाक उड़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.