कार्ड एक, मेट्रो अनेक


नई
दिल्ली/ टीम डिजिटल। केंद्र सरकार जल्द ही एक ऐसा स्मार्ट कार्ड जारी करने वाली है जिसकी मदद से देश के किसी भी शहर की मेट्रो ट्रेन में सफर किया जा सकेगा. ख़बरों के मुताबिक यह कार्ड हाल ही में जारी किए गए ‘वन नेशन वन कार्ड’ के अतिरिक्त होगा. बताया जाता है कि सभी मेट्रो ट्रेनाें में सफर की सुविधा देने वाले कार्ड की कुछ सीमाएं होंगी. ख़ास तौर पर महीने में कितनी बार कार्ड की मदद से किसी भी शहर की मेट्रो ट्रेन से सफर किया जा सकेगा, यह तय होगा. ये कार्ड निर्धारित शुल्क चुकाने के बाद किसी भी मेट्रो स्टेशन से हासिल किया जा सकेगा. विदेशी नागरिक को इसके लिए पासपोर्ट जबकि भारतीयों को आधार कार्ड दिखाना होगा. ग़ौरतलब है कि केंद्र सरकार ने हाल ही में ‘वन नेशन वन कार्ड’ की सुविधा शुरू की थी. इसे क्रेडिट और डेबिट कार्ड की तरह बैंक ही जारी कर रहे हैं. इच्छुक लोग अपने बैंक की शाखा में केवाईसी जानकारी दर्ज़ कराने के बाद इसे हासिल कर सकते हैं. ये कार्ड संबंधित कार्डधारक को देशभर में परिवहन के किसी भी साधन से सफर करने, फुटकर ख़रीदारी आदि की सुविधा देता है.

एक अधिकारी के मुताबिक, ‘सीमित समय के लिए देश आने वाले या एक शहर से दूसरे में जाने वाले लोग शायद ‘वन नेशन वन कार्ड’ में रुचि न लें. क्योंकि यह कार्ड केवाईसी (नो योर कस्टमर) जानकारी दर्ज़ कराए जाने के बाद ही मिलता है. लिहाज़ा ऐसे लोगों के लिए अगले छह महीने के भीतर नया स्मार्ट कार्ड जारी किया जा रहा है.’

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.