मैकडॉनल्ड्स इंडिया ने स्किल इंडिया मिशन के लिए आरएएससीआई से साझेदारी की

नई दिल्ली। किसी दुकान को चलाने के लिए कुशल और प्रशिक्षित लोगों की तलाश करना काफी मुश्किल है? अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मैकडॉनल्ड्स इंडिया (दक्षिण और पश्चिम) ने रिटेलर्स एसोसिएशन स्किल काउंसिल ऑफ इंडिया (आरएएससीआई) के साथ साझेदारी की है। इन दोनों संस्थानों की ओर से खुदरा परिचालन में अंडरग्रेजुएट छात्रों को प्रशिक्षित करने की अपनी तरह की अनोखी पहल की गई है।

यह तीन साल का बीबीए रिटेल ऑपरेशन प्रोग्राम है, जो छात्रों को दोहरे मॉडल वाले एजुकेशन प्रोग्राम की पेशकश करता है। इसमें छात्रों को कक्षा में प्रशिक्षण के अलावा ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग भी दी जाएगी। इस शैक्षिक प्रोग्राम के एक हिस्से के तहत पुणे के नेस वाडिया कॉलेज में छात्रों को खुदरा परिचालन के कई पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ-साथ छात्रों को मैकडॉनल्ड के रेस्टोरेंट में कठोर ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि छात्रों को रिटोल सेक्टर में काम करने संबंधी थ्योरी के साथ खुदरा परिचालन में उनके काम आने वाली व्‍यावहारिक बातें सिखाई जा सके।

अब जब रिटेल इंडस्ट्री काफी रफ्तार से बढ़ रही है, वहीं इंडस्ट्री को कुशल और प्रतिभावान कर्मचारियों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इस प्रोग्राम का लक्ष्य इंडस्ट्री में काम करने लायक योग्य और प्रतिभावान कर्मचारियों को तैयार कर इंडस्ट्री की कमी को पूरा करना है।

एचआरपीएल में मेन्यू मार्केटिंग और पीपुल रिसोर्सेज की सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सीमा अरोड़ा नांबियार ने कहा, “हम भारत सरकार के “स्किल्‍ड इंडिया” बनाने के मिशन को आगे बढ़ाने में साझीदार बनकर काफी उत्साहित हैं। हमें पूरा विश्वास है कि हमारे दमदार ट्रेनिंग प्रोग्राम और क्लासरूम की उम्दा पढ़ाई से जरूरी स्किल्स हासिल करने के लिए छात्रों की बुनियाद मजबूत होगी। इससे वह तेजी से उभरती रिटेल इंडस्ट्री में अपनी रोजी-रोटी कमाने और कॅरियर के विकास में सक्षम हो सकेंगे।“

आरएएससीआई के कार्यकारी प्रमुख और भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता विकास में जॉइंट सेंट्रल अप्रेंटिसशिप एडवाइजर जेम्स ए. राफेल ने कहा, “मैकडोनाल्ड्स के साथ मिलकर हमने जो सफर शुरू किया है, उससे व्यक्ति, संस्थान, इंडस्ट्री के साथ राष्ट्र को काफी फायदा पहुंचेगा।”

आरएएससीआई ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और  कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) के साथ मिलकर मैकडॉनल्ड को इस प्रोग्राम की अगुवाई करने के लिए नामांकित किया। इसका आधार भावी कर्मचारियों में मजबूत व्यक्तित्व को विकसित करना है। कार्यक्रम का लक्ष्य इंडस्ट्री में काम करने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा का विकास करना है और छात्रों में जीविकोपार्जन का कौशल विकसित करना है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इस अभियान के लिए नेस वाडिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स को नॉमिनेट किया है।

पुणे में मॉडर्न एजुकेशन सोसाइटी के नेस वाडिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स के प्रिंसिपल डॉ. गिरिजाशंकर ने कहा, “हमारा इंस्टिट्यूशन भारत के उन 10 संस्थानों में से एक हैं और महाराष्ट्र का एकमात्र संस्थान है, जिसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) ने बीबीए-रिटेल प्रोग्राम लॉन्च करने के लिए चुना है। हम इससे बहुत गर्व महसूस कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि इस प्रोग्राम से छात्रों को आजकल के बढ़ते प्रतिस्पर्धी माहौल में बढ़त मिल सकेगी। यही नहीं, इससे इंडस्ट्री की भी काफी मदद हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.