मध्य प्रदेश में श्रृद्धा के साथ मनाई जा रही डॉ. अंबेडकर जयंती

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश में आज (शुक्रवार को) बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूर्ण आस्था और श्रृद्धा के साथ मनाई जा रही है। जगह-जगह सभाएं और श्रद्धांजलि के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बाबा साहब डॉ. अंबेडकर की जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर(महू) में आज जन्म जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बाबा साहब डॉ.अंबेडकर स्मारक पहुंचकर श्रृद्धासुमन अर्पित करेंगे।
डॉ. अंबेडकर नगर(महू) में निर्मित भव्य स्मारक पर विशेष साज-सज्जा की गई है। डॉ. अंबेडकर नगर(महू) में आस्था का जनसैलाब श्रृद्धासुमन अर्पित करने पहुंचेगा। राज्य शासन द्वारा श्रृद्धालुओं और भंतों के लिए पेयजल, ठहरने, भोजन, शौचालय आदि के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
डॉ. अंबेडकर नगर(महू) में प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रृद्धालु आ रहे हैं। श्रृद्धालुओं के आने का सिलसिला गुरुवार से ही शुरू हो चुका था। शुक्रवार को भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। यहां श्रृद्धालुओं को भोजन की व्यवस्था भी की गई है। हजारों लोगों को यहां सब्जी, पुरी, नुक्ती, खिचड़ी आदि का भोजन कराया जाएगा। पेयजल के लिए भी जगह-जगह व्यापक व्यवस्थाएं हैं।
मुख्यमंत्री चौहान दोपहर 12 बजे हेलीकाप्टर द्वारा डॉ. अंबेडकर नगर(महू) आएंगे। वे यहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्म स्मारक पर पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रृद्धासुमन अर्पित करेंगे। वे डॉ अंबेडकर नगर(महू) से दोपहर 1.10 बजे हेलीकाप्टर द्वारा महेश्वर के प्रस्थान करेंगे।

 

राज्यपाल और मुख्यमंत्री डॉ. अंबेडकर नगर(महू) पहुंचकर अर्पित करेंगे श्रृद्धासुमन

राज्यपाल पटेल भी हेलीकाप्टर द्वारा दोपहर 12 बजे इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर(महू) पहुंचेंगे। राज्यपाल यहां बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जन्म स्मारक पर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रृद्धासुमन अर्पित करेंगे। राज्यपाल पटेल डॉ अंबेडकर नगर(महू) से दोपहर 1.10 बजे हेलीकाप्टर द्वारा महेश्वर के लिए रवाना होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.