नई दिल्ली। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन की भव्य शाही कहानी ‘हम रहें ना रहें हम’ ने बारोट खानदान की आलीशान ज़िंदगी और अपने-से लगने वाले अहलुवालिया परिवार के भव्य प्रस्तुतिकरण के साथ दर्शकों का दिल जीत लिया है। उधर शिवेंद्र (जय भानुशाली) और सुरीली (टीना दत्ता) ने समर (करणवीर बोहरा) के द्वारा लाए गए तूफान का सामना किया है, क्योंकि वो इस परिवार को बर्बाद करने के शातिर इरादों के साथ बारोट हवेली में आया था। तमाम चौंकानेवाले खुलासों और रोमांचक मोड़ के बावजूद शिव और सुरीली अब अपनी जिंदगी के नए पड़ाव पर पहुंच रहे हैं, लेकिन जिंदगी उन्हें रोशनी नाम की एक पुरानी परिचित के सामने ला खड़ा करती है, जो शिव की पूर्व गर्लफ्रेंड है। इस खास रोल में नजर आएंगी टेलीविजन की जानी-मानी एक्ट्रेस अनिता हस्सनंदानी, जो साढे़ तीन साल के अंतराल के बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। इस शो का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित अनिता बताती हैं, “टेलीविजन हमेशा से मेरा पहला प्यार रहा है और इतने सालों तक एक्टिंग से दूर रहने के बावजूद मैं हाल में लॉन्च हुए कुछ शोज़ को फॉलो करती रही। ऐसे ही कुछ शोज़ में से एक है ‘हम रहें ना रहें हम’, जो मुझे बहुत दिलचस्प लगा। मैं इस शो में रोशनी जैसे किरदार के साथ वापसी करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”
शिव अपने परिवार की उलझनों, खास तौर पर अपनी मां दमयंती की उम्मीदों को लेकर कश्मकश में था और इसी उलझन में उसने अपने प्यार का बलिदान देकर रोशनी के साथ अपने रिश्ते खत्म कर लिए थे। लेकिन देखने वाली बात यह होगी कि शिवेंद्र के अतीत का उसके वर्तमान पर क्या असर पड़ता है। इस कहानी और अपने किरदार के बारे में बात करते हुए अनिता ने कहा, “रोशनी शिवेंद्र का अतीत है। रोशनी को इस बात का गम है कि शिवेंद्र ने उसके प्यार को छोड़ दिया था लेकिन अब उसी की तरह किसी ‘बाहरी’ लड़की से शादी कर ली है। रोशनी का किरदार बड़ा संतुलित है जो किसी भी तरह का अंदाज़ा या इल्ज़ाम लगाने के बजाय अपने एहसास और अतीत में अपना प्यार खो देने की फिक्र को लेकर शिव से खुलकर बात करना पसंद करती है। इस किरदार के कई पहलू हैं और मुझे यकीन है कि लोग रोशनी के किरदार को पसंद करेंगे।’

