नई दिल्ली। सोनी सब का ‘पश्मीना – धागे मोहब्बत के’ कश्मीर के खूबसूरत परिदृश्य में पश्मीना (ईशा शर्मा) और राघव (निशांत मलकानी) की दिल छू लेने वाली प्रेम कहानी दर्शाता है। हालिया एपिसोड्स में, दर्शकों ने देखा कि जहां एक तरफ पश्मीना (ईशा शर्मा) और ऋषि (लीनेश मट्टू) का मेहंदी समारोह पूरे ज़ोरों पर था, वहीं दूसरी तरफ, पारस (अंगद हसीजा) ने राघव (निशांत मलकानी) को पहाड़ी से धक्का देकर अपना बदला ले लिया।आगामी एपिसोड्स में, दर्शक अपनी सीटों से खड़े हो जाएंगे क्योंकि राघव की भयानक दुर्घटना के बाद पश्मीना और ऋषि अस्पताल भागकर पहुंचेंगे। हालांकि उन्हें अस्पताल में राघव नहीं मिला, लेकिन उन्हें एक अकेला व्यक्ति मिला, जो घायल है और जिसका चेहरा पट्टियों से ढका हुआ है। उस अनाम व्यक्ति के प्रति दया महसूस करते हुए, पश्मीना उसका जिम्मा उठाती है और सुनिश्चित करती है कि उसके इलाज के लिए सभी आवश्यक कागज़ी कार्रवाई पूरी की जाए। हालांकि, उसे यह बात नहीं पता है कि इन पट्टियों के पीछे खुद राघव का ही चेहरा है। इस बीच, पारस कुछ गुंडों को अस्पताल भेजता है ताकि राघव को मारा जा सके। अब, जबकि राघव का जीवन खतरे में है, दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है कि क्या पश्मीना राघव को पहचान सकेगी और उसकी जान बचा पाएगी। राघव की भूमिका निभाने वाले निशांत मलकानी ने कहा, “राघव ने कभी नहीं सोचा था कि कश्मीर से उसका सफर इतनी मुसीबतों के साथ शुरू होगा। पश्मीना सहित, सब कुछ पीछे छोड़ना ही एकमात्र विकल्प था क्योंकि वह उसे भूलना चाहता था। जबकि राघव दुर्घटना के बाद अस्पताल में पड़ा है, अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है, वह सोचता है कि क्या किस्मत फिर से कोई खेल खेलेगी और उसे पश्मीना के करीब ले आएगी, भले ही उसने सारी उम्मीदें खो दी हों। दर्शकों को इस कहानी में किसी अप्रत्याशित मोड़ की उम्मीद होगी।”

