नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी क्षेत्र स्थित भूमिहीन कैंप में दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा चलाए जा रहे अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान पर राजनीतिक घमासान मच गया है। इस कार्रवाई के विरोध में दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने बीजेपी और DDA पर तीखा हमला बोला है।
आतिशी ने आरोप लगाया कि, “तीन दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि किसी भी झुग्गी को नहीं तोड़ा जाएगा। लेकिन आज पूरे भूमिहीन कैंप को खाली कर दिया गया है। यह वादा तोड़ना नहीं तो और क्या है? क्या बीजेपी चाहती है कि गरीबों को जबरन बेघर कर दिया जाए?”
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई गरीब विरोधी और अमानवीय है। जिन परिवारों के पास सिर छुपाने की एकमात्र जगह ये झुग्गियां थीं, उन्हें बिना किसी पुनर्वास योजना के उजाड़ा जा रहा है।
DDA की टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह अभियान चलाया, जिसमें बड़ी संख्या में झुग्गियों को गिरा दिया गया। स्थानीय लोगों में डर और गुस्से का माहौल है। कई प्रभावित लोग सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
AAP नेताओं ने मांग की है कि अभियान तुरंत रोका जाए और जिन लोगों को हटाया गया है, उनके लिए पुनर्वास की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर केंद्र और DDA गरीबों के साथ ऐसा ही व्यवहार करते रहे, तो आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध करेगी।
इस मुद्दे पर DDA या बीजेपी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन साफ है कि कालकाजी का भूमिहीन कैंप अब दिल्ली की राजनीति का नया केंद्र बिंदु बनता जा रहा है।

