नशे के खिलाफ जंग में एकजुटता जरूरी: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय नशीली दवाओं के दुरुपयोग और अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिरकत की। इस मौके पर उन्होंने राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम और सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने कहा, “इस वर्ष 2025 में हमारी दिल्ली पुलिस ने नशे के कारोबार में शामिल 1100 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और जितनी भी नशीली दवाएं बरामद हुईं, उन्हें जब्त कर लिया गया है।”

उन्होंने यह भी कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सरकार या पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है। “सरकार, पुलिस और समाज — सभी को एकजुट होकर इस बुराई के खिलाफ काम करना होगा। मेरा मानना है कि जब हम सब मिलकर एक टीम के रूप में प्रयास करेंगे, तो समाज से नशे की बुराई को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है,” मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से भी अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज को जागरूक करने में भागीदार बनें, ताकि एक स्वस्थ और सशक्त दिल्ली का निर्माण हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published.