नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को ‘दिल्ली वन महोत्सव 2025’ और ‘एक पेड़ मां के नाम सीजन-2’ की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “आज वन महोत्सव के रूप में दिल्ली में एक नया अध्याय जुड़ रहा है। इससे पहले की सरकारों ने कभी वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा नहीं लिया, न ही दिल्ली के पर्यावरण की चिंता की। लेकिन अब हमारी सरकार हर दिल्लीवासी की हिस्सेदारी सुनिश्चित कर रही है। मैं दिल्ली की जनता को ढेरों शुभकामनाएं देती हूं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान न केवल हरियाली बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि मातृत्व के सम्मान में एक पेड़ लगाने का भावनात्मक संदेश भी है।
कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “दिल्ली वन महोत्सव 2025, ये दिल्ली के लिए एक नया मील का पत्थर है। जब तक दिल्ली हरी नहीं होगी, तब तक विकास अधूरा है। आज एक ऐतिहासिक दिन है क्योंकि आज से 70 लाख पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया है, जिसमें दिल्ली के जन-जन की भागीदारी होगी। साफ हवा, साफ सांस – यही दिल्ली का भविष्य है।”
सरकार ने बताया कि इस महाअभियान के तहत स्कूलों, कॉलेजों, पार्कों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाएगा। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के जरिए लोगों को अपने मातृत्व संबंधों के सम्मान में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि 2025 के अंत तक दिल्ली को हरित क्षेत्र के मामले में देश के अग्रणी शहरों में शामिल किया जाए।

