
नई दिल्ली। वैदेही फाउंडेशन द्वारा आयोजित वार्षिक आभार ज्ञापन कार्यक्रम 11 मई 2026 को Civil Services Officers Institute में गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सहयोगी, सम्मानित अवार्डी, आयोजन समिति के सदस्य तथा अन्य विशिष्ट अतिथि परिचय मिलन एवं सहभोज में शामिल हुए।
वैदेही फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती कुमकुम झा ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य संस्था से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करना और आपसी संवाद को मजबूत बनाना है। इस अवसर पर देश-विदेश से आए अतिथियों ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। समारोह का मुख्य आकर्षण ऑस्ट्रेलिया से आए चार्ल्स थॉमसन रहे। भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी गहरी निष्ठा और लगाव ने उपस्थित लोगों को विशेष रूप से प्रभावित किया। वर्ष 1974 में मात्र 13 वर्ष की आयु में भारत आए चार्ल्स थॉमसन ने न केवल भारत की नागरिकता ग्रहण की, बल्कि भारतीय जीवनशैली और संस्कृति को पूरी आत्मीयता से अपनाया।
चार्ल्स थॉमसन फर्राटेदार हिंदी, मैथिली और भोजपुरी बोलते हैं तथा स्वयं को गर्व से “गोरा बिहारी” कहते हैं। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, भाषा और परंपराओं के प्रति अपना गहरा सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि जहां आज कई भारतीय पाश्चात्य संस्कृति की ओर आकर्षित हो रहे हैं, वहीं चार्ल्स थॉमसन जैसे विदेशी नागरिक भारतीय सभ्यता और मातृभाषा को अपनाकर यह संदेश दे रहे हैं कि भारतीय संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी और प्रेरणादायी हैं।
समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण एवं प्रसार का संदेश देकर यादगार बन गया।
