बांकीपुर जीत के बाद प्रशांत किशोर का बीजेपी नेतृत्व से आग्रह, बोले- बिहार को स्वच्छ छवि और विकासोन्मुख मुख्यमंत्री चाहिए

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत लगभग तय होने के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से बिहार के लिए स्वच्छ छवि, अच्छे चरित्र और विकासोन्मुख सोच वाले मुख्यमंत्री को चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल विधायक चुनने का नहीं, बल्कि बिहार की जनता का बेहतर नेतृत्व और सुशासन के पक्ष में दिया गया जनादेश है।

मतगणना के 25वें राउंड तक प्रशांत किशोर 50,976 मत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 14,953 वोटों से आगे चल रहे थे, जिसके बाद उनकी जीत लगभग तय मानी गई।

जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए किशोर ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को स्पष्ट संदेश दिया है कि बिहार का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में होना चाहिए जिसकी छवि बेदाग हो और जिसका कोई आपराधिक पृष्ठभूमि न हो। उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री चाहिए जो शिक्षा व्यवस्था में सुधार करे, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए और पलायन रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाए।

प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विधायक बनना नहीं, बल्कि बिहार के विकास के लिए काम करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से लोकसभा चुनाव से पहले राज्य के विकास, रोजगार सृजन और पलायन रोकने को प्राथमिकता देने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है, लेकिन यदि बिहार का नेतृत्व ऐसे व्यक्ति के हाथों में होगा जिसकी छवि विवादित या आपराधिक रही हो, तो राज्य का समुचित विकास संभव नहीं होगा। उन्होंने भाजपा-एनडीए नेतृत्व से आग्रह किया कि बहुमत उनके पास है, इसलिए मुख्यमंत्री भी उनके गठबंधन से बनेगा, लेकिन चयन ऐसे व्यक्ति का हो जो बिहार के लोगों में विश्वास और गर्व का भाव पैदा करे।

बांकीपुर के विकास को अपनी पहली प्राथमिकता बताते हुए किशोर ने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वह अवास्तविक वादे नहीं करना चाहते, लेकिन अगले दो-तीन महीनों में क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई देने लगेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.