मोदी-पुतिन की मुलाकात: गर्मजोशी से गले मिले, हाथ मिलाया, तिरुक्कुरल का रूसी संस्करण किया भेंट

 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात की शुरुआत गर्मजोशी से गले मिलने और हाथ मिलाने के साथ हुई। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को संत तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध कृति ‘तिरुक्कुरल’ के रूसी संस्करण की प्रति भी भेंट की।

दोपहर करीब 3:30 बजे शुरू हुई बैठक में भारत और रूस के बीच रक्षा, ऊर्जा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और फार्मास्यूटिकल्स सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा हुई। दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क और आपसी संबंधों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

ऊर्जा सहयोग पर विशेष जोर

ईरान संघर्ष से उत्पन्न परिस्थितियों के बीच भारत के लिए स्थिर और भरोसेमंद ईंधन आपूर्ति का महत्व और बढ़ गया है। रूस भारत के प्रमुख रणनीतिक साझेदारों में शामिल है और ऊर्जा का एक महत्वपूर्ण आपूर्तिकर्ता भी है। ऐसे में दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा।

सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य पर भी चर्चा की संभावना थी। औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के साथ भारत में INNOPROM के आयोजन, रेलवे और टनलिंग परियोजनाओं में सहयोग, स्टील वैल्यू चेन के विकास तथा अधिक बिजनेस-टू-बिजनेस अवसर पैदा करने जैसे मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहे।

भारत रूसी बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दे रहा है। इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) में सहयोग, कुशल भारतीय कामगारों के रूस जाने को सुगम बनाने और नागरिक परमाणु सहयोग को मजबूत करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। न्यूक्लियर फ्यूल और परमाणु संयंत्रों के पूरे लाइफ साइकल से जुड़े सहयोग को भी संभावित क्षेत्रों में शामिल किया गया।

यूक्रेन संघर्ष के बीच महत्वपूर्ण मुलाकात

मोदी-पुतिन की यह बैठक बिश्केक में हुई शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर बैठक के दौरान दोनों नेताओं की संक्षिप्त मुलाकात के कुछ दिनों बाद हुई। उस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संघर्ष को जल्द समाप्त करने की अपील की थी। उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन से ‘कभी न खत्म होने वाले युद्ध’ से आगे बढ़कर युद्ध समाप्त करने की दिशा में प्रयास करने का आग्रह किया था।

राष्ट्रपति पुतिन ने दिसंबर 2025 में भारत का दौरा किया था। उस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया था कि यूक्रेन संघर्ष को लेकर भारत तटस्थ नहीं है, बल्कि शांति के पक्ष में खड़ा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया था कि मौजूदा समय युद्ध का नहीं, बल्कि शांति का होना चाहिए।

11 वर्षों में 19 बार मिले मोदी-पुतिन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच व्यक्तिगत संबंध भारत-रूस रणनीतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण आधार रहे हैं। दोनों नेता पिछले 11 वर्षों में 19 बार मुलाकात कर चुके हैं।

यह ताजा बैठक ऐसे समय में हुई है, जब यूक्रेन युद्ध अपने पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। रूस पर पश्चिमी देशों के कड़े प्रतिबंध जारी हैं, जबकि युद्ध समाप्त करने को लेकर चल रहे कूटनीतिक प्रयासों में अब तक सीमित प्रगति हुई है।

ऐसे वैश्विक तनाव के बीच मोदी-पुतिन की यह मुलाकात भारत-रूस के रणनीतिक, आर्थिक और ऊर्जा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.