मुंबई। कॉलेज लाइफ की मीठी यादों, पहली मोहब्बत और बेफिक्र दोस्ती का जादू एक बार फिर दर्शकों के दिलों को छूने आ गया है। आगामी रोमांटिक शो ‘ये फितूर तेरा’ के मेकर्स ने इसका ऑफिशियल म्यूज़िक वीडियो ‘फील बनाते हैं’ रिलीज़ कर दिया है, जो अपनी कैची धुन और युवा ऊर्जा से भरपूर अंदाज़ के चलते तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
यह गाना कॉलेज के उन सुनहरे पलों को ताज़ा करता है, जिनमें पहला क्रश, कैंटीन की लंबी गपशप, लेक्चर बंक करने की शरारतें और दोस्तों के साथ बिताए गए यादगार लम्हे शामिल हैं। खास तौर पर “चल ना रील बनाते हैं” जैसी आकर्षक हुक लाइन युवाओं को खूब पसंद आ रही है।
इस फील-गुड ट्रैक को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार अमित त्रिवेदी ने संगीतबद्ध किया है, जबकि गायिका दृधा की मधुर आवाज़ ने इसे और भी खास बना दिया है। गीत में यंग लव, दोस्ती और कॉलेज जीवन की भावनाओं को खूबसूरती से पिरोया गया है।
‘फील बनाते हैं’ के रिलीज़ के साथ ही दर्शकों की उत्सुकता ‘ये फितूर तेरा’ को लेकर भी बढ़ गई है। शो में जीत और सौम्या की दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी दिखाई जाएगी, जिसमें कॉलेज लाइफ की भावनाओं और रिश्तों को ताज़गी भरे अंदाज़ में पेश किया गया है।
यह शो आज रात 8:30 बजे Star Plus पर प्रसारित होगा, जबकि दर्शक इसे अपनी सुविधा के अनुसार JioHotstar पर भी स्ट्रीम कर सकेंगे। मेकर्स को उम्मीद है कि यह नया रोमांटिक ड्रामा और इसका संगीत युवाओं के बीच खास पहचान बनाएगा।

