New Delhi : Zee TV के ‘सा रे गा मा पा 2026’ ने शानदार शुरुआत की है और ‘हिंदुस्तान का संगीतस्थान’ बनने के अपने वादे पर लगातार खरा उतर रहा है। भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत का जश्न मनाते हुए और उभरते गायकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देते हुए, इस सीजन में शंकर महादेवन, जावेद अली, नीति मोहन और कुमार सानू जज की भूमिका निभा रहे हैं। ये सभी मिलकर ऐसी आवाजों को चुन रहे हैं, जो पूरे हिंदुस्तान का दिल जीत सकें। वहीं, शो के होस्ट श्रेयस तलपड़े अपने मजेदार अंदाज, बेबाक बातों और दिलचस्प किस्सों से दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। अब इस मशहूर सिंगिंग रियलिटी शो के आने वाले एपिसोड्स में जाने माने संगीतकार, गायक और गीतकार अनु मलिक स्पेशल जज बनकर दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आएंगे।
अनु मलिक पहले भी ‘सा रे गा मा पा’ से जुड़े रहे हैं। ऐसे में इस प्रतिष्ठित मंच पर उनकी वापसी शो के इस सीजन में पुरानी यादों के साथ एक खास रंग भी जोड़ेगी। इस बार वो कुछ हफ्तों के लिए स्पेशल जज के तौर पर नजर आएंगे। शो में जज के रूप में यह उनका चौथा पड़ाव होगा। एक ओर जहां प्रतियोगी अपनी गायकी का दम दिखाते हुए अपनी अलग पहचान बनाने में जुटे हैं, वहीं अनु मलिक की मौजूदगी भारतीय संगीत के जुनून, विविधता और नई प्रतिभाओं का जश्न मनाने का एक और मौका लेकर आएगी।
शो में अपनी खास मौजूदगी को लेकर अनु मलिक कहते हैं, “मैं सालों से ‘सा रे गा मा पा’ से जुड़ा रहा हूं, इसलिए इस शो में वापस आना कई खूबसूरत यादें ताजा कर देता है। संगीत के बीच रहना और ऐसे युवा गायकों से मिलना हमेशा अच्छा लगता है, जिनमें इतना जुनून और प्रतिभा है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि गायकी सिर्फ सुर और ताल तक सीमित नहीं है। यह इस बात पर भी निर्भर करती है कि आप किसी गाने में कितनी भावनाएं डालते हैं और सुनने वाले को कैसा महसूस कराते हैं। हर गायक का अपना अंदाज और अपनी कहानी होती है, और यही संगीत को इतना खूबसूरत बनाता है। यह देखकर खुशी होती है कि ‘सा रे गा मा पा’ जैसा मंच लगातार नई प्रतिभाओं को खोजने, उन्हें निखारने और ‘हिंदुस्तान का संगीतस्थान’ बनने का अपना सफर जारी रखे हुए है। मैं इस संगीतमय जश्न का हिस्सा बनने और नई पीढ़ी की प्रतिभा को करीब से अनुभव करने के लिए उत्साहित हूं। खासकर इस सीजन में 360 डिग्री का अनोखा सेट और 100 से ज्यादा संगीतकारों व कोरस गायकों की मौजूदगी हर प्रस्तुति की खूबसूरती को और बढ़ा रही है।”
प्रतिभाशाली प्रतियोगियों, शानदार प्रस्तुतियों और संगीत जगत की जानी मानी हस्तियों की मौजूदगी के साथ ‘सा रे गा मा पा 2026’ भारतीय संगीत का जश्न मनाने के साथ उभरते गायकों को अपने सपने पूरे करने का मंच दे रहा है। ऐसे में अनु मलिक की वापसी इस सीजन को एक यादगार पल देने वाली है।
देखना न भूलें ‘सा रे गा मा पा 2026’, हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे, सिर्फ ज़ी टीवी पर!

