New Delhi : सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (एसपीएनआई) ने आगामी त्योहारी सीजन के लिये विभिन्न विधाओं और भाषाओं में मनोरंजन कार्यक्रमों की विस्तृत सूची पेश की है। बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन की मेजबानी करेंगे. ‘क्राइम पेट्रोल 2026 – क्राइम का करंट सीजन’ का प्रीमियर 31 अगस्त 2026 से रात 10:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा. यह शो Sony LIV पर भी स्ट्रीम किया जाएगा.
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने आगामी फेस्टिव सीजन के लिए बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन, माधुरी दीक्षित और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जैसे बड़े सितारों को अपने नए शोज से जोड़ा है. इसके अलावा कई लोकप्रिय फ्रेंचाइजी नए सीजन के साथ वापसी करेंगी, जबकि कुछ नए शोज भी दर्शकों के बीच पेश किए जाएंगे. इन सभी कार्यक्रमों का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन, क्षेत्रीय चैनलों और Sony LIV पर किया जाएगा.
रोहित शर्मा करेंगे टीवी पर डेब्यू
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान रोहित शर्मा जल्द ही अपने पहले टेलीविजन शो ‘द रोहित शर्मा शो’ के साथ छोटे पर्दे पर नजर आएंगे. यह रियलिटी शो सितंबर 2026 में लॉन्च किया जाएगा.
शो के प्रोमो पहले ही रिलीज हो चुके हैं, जिनमें रोहित शर्मा के वायरल डायलॉग “कोई भी गार्डन में नहीं घूमेगा” को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है. सोनी ने इसे रोहित शर्मा का “सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट डेब्यू” बताया है. हालांकि शो के फॉर्मेट और प्रीमियर डेट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है.
अजय देवगन बनेंगे ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए होस्ट
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन अब लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ के नए सीजन की मेजबानी करेंगे. ‘क्राइम पेट्रोल 2026 – क्राइम का करंट सीजन’ का प्रीमियर 31 अगस्त 2026 से रात 10:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा. यह शो Sony LIV पर भी स्ट्रीम किया जाएगा.
अजय देवगन इस शो में लंबे समय से जुड़े रहे अनुप सोनी की जगह लेंगे. ‘सिंघम’ और ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मों में पुलिस अधिकारी की दमदार भूमिका निभा चुके अजय देवगन ने कहा कि इस शो की मेजबानी करना उनके लिए जिम्मेदारी की बात है. नया सीजन देशभर की वास्तविक घटनाओं से प्रेरित मामलों को दर्शकों के सामने पेश करेगा.
‘कोण होणार करोडपती’ होस्ट करेंगी माधुरी दीक्षित
बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित मराठी दर्शकों के लिए ‘कोण होणार करोडपती’ की मेजबानी करती नजर आएंगी. यह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का मराठी संस्करण है. 59 वर्षीय माधुरी दीक्षित पहली बार केबीसी फ्रेंचाइजी के किसी संस्करण को होस्ट करेंगी. साथ ही करीब 24 साल बाद वह किसी टीवी शो की होस्टिंग करती नजर आएंगी. इससे पहले उन्होंने 2002 में ‘कहीं न कहीं कोई है’ की मेजबानी की थी.
हाल ही में जारी प्रोमो में माधुरी पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लुक में नजर आईं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया. शो का प्रसारण Sony Marathi और Sony LIV पर किया जाएगा. हालांकि इसकी प्रीमियर तारीख की घोषणा अभी बाकी है.
अमिताभ बच्चन की भी होगी वापसी
फेस्टिव सीजन में अमिताभ बच्चन भी ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के साथ वापसी करेंगे. इस बार शो की टैगलाइन ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है. इसके अलावा भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ‘इंडियन गेम शो’ को होस्ट करते नजर आएंगे.

