हिंदू द्रोही बयानों के लिए माफी मांगे सोनिया गांधी: डॉ सुरेंद्र जैन

नई दिल्ली।  हिंदुओं को आहत करने वाले बयानों के लिए विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय संयुक्त महामंत्री डॉ सुरेंद्र जैन ने कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी से माफी की माँग की है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणकारी बाबर की बर्बरता के प्रतीक बाबरी ढांचे के विध्वंस पर सोनिया गांधी जी के आँसू बहे थे। यही बात उन्होंने उस समय भी कही थी, जब दिल्ली को विस्फोटों से दहलाने वाले आतंकवादी बटला हाउस में छिपे हुए थे और भारत के वीर जवानों ने एक मुठभेड़ में उन आतंकियों को जहन्नुम भेज दिया था। उन आतंकवादियों ने इंस्पेक्टर मोहन शर्मा को गंभीर रूप से घायल किया था, जिनका बाद में बलिदान हो गया। उस वीर जवान के बलिदान पर उनके आँसू नहीं निकले।

उन्होंने पूछा कि—
क्या वे उस समय भी आँसू बहा रही थीं, जब कश्मीर घाटी में साढ़े तीन सौ से अधिक मंदिर तोड़ दिए गए थे? क्या उनकी आँखों में उस समय भी पानी आया था, जब कश्मीर घाटी में हिंदुओं का नरसंहार किया गया और एक माँ को उसके बेटे के लहू में भीगे चावल खाने के लिए मजबूर किया गया?
क्या सोनिया गांधी को ये आँसू उस समय भी आए थे, जब दिल्ली में गौ रक्षा के संकल्प के साथ चले सैकड़ों संतों की उनकी सास इंदिरा गांधी ने हत्या करवा दी थी? शरद कोठारी और राम कोठारी जैसे सैकड़ों निहत्थे कारसेवकों की निर्मम हत्या पर भी क्या वे इसी प्रकार विचलित हुई थीं?
जब उनकी ही पार्टी के नेताओं को बस्तर में नक्सलवादियों द्वारा बलिदान कर दिया गया, क्या उनके आँसू टपके थे? क्या वे उस समय भी रोई थीं, जब पहलगाम में हिंदू पर्यटकों की धर्म पूछ-पूछकर निर्मम हत्या की गई थी?

बांग्लादेश और पाकिस्तान में हिंदुओं के नरसंहार की तो बात छोड़ दीजिए। बंगाल और केरल में भी ऐसे कई स्थान हैं, जहाँ हिंदुओं की निर्मम हत्याएँ हुईं। क्या वे तनिक भी उस समय शोक व्यक्त कर पाईं?
दिल्ली में सिखों का नरसंहार हुआ। उन पर अभूतपूर्व अमानवीय अत्याचार करवाने वाले तो उनके ही पति थे। क्या वे उस समय भी इसी प्रकार रोई थीं या अपने पति को रोका था?

डॉ जैन ने कहा कि सोनिया गांधी के ये आँसू घड़ियाली आँसू हैं। ये चुनावी आँसू हैं, जो मुस्लिम वोट बैंक को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए बहाए जाने का नाटक कर रही हैं। जब हिंदुओं पर अत्याचार होते रहे, उनके नरसंहार होते रहे, उनके मुँह से उफ़ तक नहीं निकली। लेकिन कोई आतंकवादी या आक्रमणकारी मुस्लिम होने पर उसके विरुद्ध किसी भी कार्रवाई से वे परेशान होती रही हैं।

अब चुनावी मौसम में इस तरह के बयानों की बाढ़ आ गई है, जो मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए हिंदुओं को अपमानित करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। उनकी ही पार्टी के एक नेता ने कहा कि दिवाली पर प्रदूषण फैलता है, लेकिन ईद पर AQI लेवल नहीं बढ़ता। क्या इस बेहूदा बयान पर वे शर्मिंदा नहीं हैं?
इस चुनावी मौसम में स्वयं को सेक्युलर कहलाने वाली सभी पार्टियाँ मुस्लिम वोट बैंक को लुभाने के लिए इसी प्रकार के प्रयास कर रही हैं। इस सेक्युलर माफिया द्वारा हिंदुओं को अपमानित किया जाता है। हिंदू समाज इस सेक्युलर माफिया को सबक सिखाएगा, जिससे कोई भी हिंदू समाज और भारत को अपमानित करने या उसकी आत्मा को प्रताड़ित करने का प्रयास न कर सके और आतंकवादियों के साथ खड़े होकर देश की सुरक्षा को खतरे में न डाले।
हम सोनिया गांधी जी और उनके समस्त साथियों के उन बयानों की घोर निंदा करते हैं, जो मुस्लिम तुष्टिकरण के प्रयास में हिंदुओं और सैनिकों के बलिदानों को अपमानित करते हैं। हिंदू समाज इन बयानों से आहत है और माँग करता है कि वे तथा उनके सहयोगी माफी माँगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published.