बहराइच के जरवल रोड में गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ, उप गन्ना आयुक्त आर.बी. राम ने किया उद्घाटन; अगले पांच वर्षों में 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र को मशीनों से कटाई के दायरे में लाने का लक्ष्य
जरवल रोड (बहराइच)। गन्ना खेती को अधिक लाभकारी, आधुनिक और टिकाऊ बनाने की दिशा में इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) ने महत्वपूर्ण पहल की है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के ग्राम हाजीपुर में आयोजित गन्ना किसान सम्मेलन के दौरान यंत्रीकृत गन्ना कटाई की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि उप गन्ना आयुक्त, देवीपाटन मंडल आर.बी. राम ने सम्मेलन का उद्घाटन करने के साथ आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर के संचालन का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत कम करना, श्रमिकों पर निर्भरता घटाना और समय पर चीनी मिलों तक गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजाराम वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में आईपीएल, दिल्ली के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया, जिला गन्ना अधिकारी बहराइच आनंद कुमार शुक्ल, गन्ना समिति जरवल रोड के सचिव पी.एन. पांडे, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक राजकुमार विश्वकर्मा, गन्ना समिति नानपारा के सचिव मनोज कुमार तथा जरवल रोड चीनी मिल के इकाई प्रमुख टी.एस. राणा और मुख्य गन्ना प्रबंधक संजीव चौधरी सहित बड़ी संख्या में गन्ना किसान शामिल हुए।
हार्वेस्टर से कटाई के लिए निर्धारित हुई प्रक्रिया
कार्यक्रम में उप गन्ना आयुक्त आर.बी. राम ने किसानों को गन्ना विभाग की हार्वेस्टर नीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हार्वेस्टर से कटाई के लिए किसानों को कटाई से पहले चीनी मिल के माध्यम से गन्ना समिति में सहमति के रूप में शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा। परिवहन व्यवस्था के लिए ट्रांसपोर्टर शुल्क चीनी मिल और ट्रांसपोर्टर के आपसी सहयोग से निर्धारित किया जाएगा। वहीं, चीनी मिल की ओर से गन्ना कटाई का रोस्टर तैयार होगा और उसी के आधार पर गन्ना समिति पर्याप्त पर्चियां जारी करेगी।
श्रमिकों की कमी और बढ़ती लागत का प्रभावी विकल्प
सम्मेलन में विशेषज्ञों ने कहा कि वर्तमान समय में कृषि श्रमिकों की कमी, मजदूरी की बढ़ती लागत और चीनी मिलों के निर्धारित पेराई सत्र में समय पर गन्ना पहुंचाना किसानों के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। ऐसे में यंत्रीकृत कटाई एक प्रभावी विकल्प बनकर उभर रही है।
आधुनिक गन्ना हार्वेस्टर एक ही प्रक्रिया में गन्ने की कटाई, पत्तियों की सफाई, गन्ने को छोटे टुकड़ों में विभाजित करने और लोडिंग जैसे कार्य कर सकता है। इससे कटाई का काम तेजी से पूरा होता है और श्रमिकों पर निर्भरता कम होती है। साथ ही, समय पर गन्ना मिल तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
डॉ. यू.एस. तेवतिया ने समझाए वैज्ञानिक और आर्थिक लाभ
आईपीएल के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू.एस. तेवतिया ने यंत्रीकृत गन्ना कटाई के तकनीकी, वैज्ञानिक और आर्थिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि यंत्रीकरण को केवल पारंपरिक श्रम के विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि यह गन्ना उत्पादन की पूरी प्रक्रिया को अधिक उत्पादक, लाभकारी और टिकाऊ बनाने का माध्यम है।
उन्होंने खेत की उचित तैयारी, हार्वेस्टर के सही संचालन, कटाई की उपयुक्त ऊंचाई और गन्ने के ठूंठ (स्टबल) को नुकसान से बचाने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ी फसल का वैज्ञानिक प्रबंधन और फसल अवशेषों का उचित उपयोग भी गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉ. तेवतिया ने किसानों से गन्ने की सूखी पत्तियों और अन्य फसल अवशेषों को जलाने के बजाय मल्चिंग जैसी वैज्ञानिक विधियों से उपयोग करने की अपील की। इससे खेत में नमी बनाए रखने, खरपतवार नियंत्रण और मिट्टी की उर्वरता तथा स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
पांच वर्षों में 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र में यंत्रीकरण का लक्ष्य
इंडियन पोटाश लिमिटेड अपने प्रबंध निदेशक संजीव वर्मा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार और ओडिशा स्थित अपनी चीनी मिलों के कार्यक्षेत्र में यंत्रीकृत गन्ना कटाई को प्रोत्साहित कर रही है। कंपनी का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से लगभग 50 प्रतिशत गन्ना क्षेत्र को मशीनों से कटाई के दायरे में लाना है।
इसके लिए किसानों को आधुनिक हार्वेस्टर तकनीक, मशीनों के संचालन का प्रशिक्षण, प्रशिक्षित ऑपरेटर, कस्टम हायरिंग सुविधाएं और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। खासतौर पर छोटे और सीमांत किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीक पहुंचाना इस योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
टिकाऊ खेती और किसान समृद्धि पर जोर
सम्मेलन में विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक मशीनों के साथ वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर गन्ना उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है। इससे कटाई में लगने वाला समय कम होगा, कृषि संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और फसल अवशेषों को जलाने की प्रवृत्ति में कमी आएगी।
कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने कहा कि आईपीएल किसानों के साथ मिलकर वैज्ञानिक जानकारी, नवाचार और उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
जरवल रोड चीनी मिल में गन्ना हार्वेस्टर का शुभारंभ क्षेत्र के किसानों के लिए आधुनिक कृषि की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस पहल से जरवल रोड और आसपास के क्षेत्रों में यंत्रीकृत कटाई का प्रसार बढ़ेगा तथा गन्ना किसानों की लागत घटाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के नए अवसर पैदा होंगे।

