काशी तमिल संगमम 5.0 की तैयारियों की कुलपति ने की समीक्षा, 21 नवंबर से शुरू होंगे प्री-इवेंट

प्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर, बीएचयू की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षमताओं को प्रदर्शित करेगा आयोजन

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में काशी तमिल संगमम 5.0 के प्री-इवेंट और मुख्य आयोजन की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने समन्वयकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतिनिधियों के लिए प्रस्तावित कार्यक्रमों तथा विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम बीएचयू के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसके माध्यम से विश्वविद्यालय को देश के सामने अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक क्षमताओं को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रतिनिधियों के लिए ऐसे कार्यक्रम तैयार किए जाएं, जिनमें वे वास्तविक रुचि लें और सक्रिय रूप से भागीदारी करें। इसके लिए सभी संबंधित विभागों, आयोजकों और समन्वयकों को टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम समन्वयक अंचल श्रीवास्तव ने बताया कि काशी तमिल संगमम 5.0 के मुख्य आयोजन से पहले 21 नवंबर से प्री-इवेंट गतिविधियां शुरू करने की योजना है। इनका उद्देश्य विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निकलकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक आयोजन की पहुंच बनाना और युवाओं, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को इससे जोड़ना है।

प्रस्तावित गतिविधियों में ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ प्रमुख आकर्षण होगा। इसके तहत बीएचयू समुदाय और शहर के नागरिकों को जोड़ते हुए फिटनेस, एकता एवं सांस्कृतिक सहभागिता का संदेश देने के लिए सार्वजनिक दौड़ आयोजित करने की योजना है। दौड़ का संभावित मार्ग बीएचयू परिसर से शहर के किसी प्रमुख सार्वजनिक स्थल तक निर्धारित किया जा सकता है।

इसके अलावा ‘केटीएस यूथ क्विज’ के माध्यम से युवाओं को काशी, तमिलनाडु, भारतीय ज्ञान परंपरा, साहित्य, कला, विज्ञान और विरासत से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी परखने का अवसर मिलेगा। परिसर के प्रमुख और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर संगीत, नृत्य, कविता तथा फ्लैश मॉब जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित करने का भी प्रस्ताव है। इन गतिविधियों के जरिए परिसर में उत्सव का माहौल बनाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को जोड़ने की योजना है।

बैठक में तिरुक्कुरल के अध्ययन से जुड़ी एक विशेष राष्ट्रीय पहल पर भी चर्चा हुई। इसके अंतर्गत देश के विभिन्न राज्यों के 1,000 कॉलेजों से चयन परीक्षा के माध्यम से एक-एक विद्यार्थी चुना जाएगा। चयनित सभी 1,000 विद्यार्थियों को तिरुक्कुरल अध्ययन के लिए एक महीने की इंटर्नशिप दी जाएगी, जिसके तहत प्रत्येक विद्यार्थी को 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।

इस पहल के तहत विद्यार्थी अपनी पसंद की भाषा में तिरुक्कुरल का अध्ययन करेंगे और उसमें निहित नैतिक एवं जीवन मूल्यों पर शोध पत्र तैयार कर अपने कॉलेज के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे। सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल (सीआईसीटी) की ओर से एक घंटे का ऑनलाइन ओरिएंटेशन तथा 20 मिनट का प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा। विद्यार्थियों को उनकी चुनी हुई भाषा के आधार पर लगभग 50-50 के समूह में करीब 20 बैचों में विभाजित किया जाएगा।

प्रत्येक विद्यार्थी अपने कॉलेज में मार्गदर्शक शिक्षक के निर्देशन में एक घंटे की प्रस्तुति देगा। साथ ही तिरुक्कुरल के कम से कम 10 महत्वपूर्ण कुरलों को तमिल और उनके अनुवाद के साथ सीखने तथा दूसरों को सिखाने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम से संबंधित अध्ययन सामग्री सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ क्लासिकल तमिल की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि काशी तमिल संगमम 5.0 केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि काशी और तमिलनाडु के बीच ज्ञान, साहित्य, संस्कृति, युवा सहभागिता और भारतीय परंपराओं के आदान-प्रदान का व्यापक मंच बने। प्री-इवेंट गतिविधियों से लेकर मुख्य आयोजन तक सभी तैयारियों को समन्वित और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published.