बाबा महाकाल की सवारी का अभिन्न हिस्सा रहा श्यामू अब वनतारा में होगा उपचार

 

 

उज्जैन। बाबा महाकाल की शाही सवारी में करीब नौ वर्षों तक आकर्षण, आस्था और परंपरा का प्रतीक रहा हाथी श्यामू अब उज्जैन में नजर नहीं आएगा। 29 वर्षीय श्यामू को बेहतर उपचार और देखभाल के लिए गुजरात के जामनगर स्थित अनंत अंबानी के वनतारा भेजा गया है। श्यामू लंबे समय से पैरों की गंभीर बीमारी समेत अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा है।

श्यामू को पैरों में डिजेनेरेटिव टेलस डिजीज सहित अन्य बीमारियां होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय स्तर पर उपचार के बावजूद उसकी सेहत में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा था। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में इलाज कराने के उद्देश्य से उसे वनतारा भेजने का निर्णय लिया गया।

वनतारा पहुंचने पर श्यामू का आत्मीय स्वागत किया गया। वनतारा की ओर से उसके स्वागत से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए। वहां विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की निगरानी में उसके उपचार और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी।

9 साल तक शाही सवारी की शान बढ़ाने वाले 29 वर्षीय हाथी को बेहतर इलाज के लिए जामनगर भेजा गया, दो महावत भी रहेंगे साथ

श्यामू को वनतारा भेजने की प्रक्रिया शुरुआत में आसान नहीं रही। बताया जाता है कि उसके मालिक पहले उसे वनतारा भेजने के लिए तैयार नहीं थे। हालांकि, उसकी बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर कमेटी के समक्ष भी तथ्य रखे गए। इसके बाद श्यामू को बेहतर इलाज के लिए वनतारा भेजने पर सहमति बनी।

श्यामू के साथ उसके दो महावत शिवनारायण और हरिनारायण भी जामनगर गए हैं। दोनों लंबे समय से श्यामू की देखभाल कर रहे हैं और अब वनतारा में भी उसकी सेवा तथा देखरेख करेंगे। उन्हें वहां 30-30 हजार रुपये मासिक वेतन दिए जाने की जानकारी है।

बाबा महाकाल की शाही सवारी में वर्षों तक अपनी उपस्थिति से श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे श्यामू की उज्जैन से विदाई भावुक करने वाली रही। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए वह केवल एक हाथी नहीं, बल्कि महाकाल की सवारी की परंपरा से जुड़ा एक परिचित चेहरा रहा है। अब लोगों को उम्मीद है कि वनतारा में विशेषज्ञ उपचार और बेहतर देखभाल से श्यामू स्वस्थ होकर लंबा जीवन जी सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.