कांग्रेस मुख्यालय के बाहर जश्न का माहौल

जयपुर। राजस्थान विधानसभा के चुनाव परिणामों के एक दिन बाद जीत का जश्न मनाने के लिये बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और लोगों के कारण जाम लगा रहा। इसी तरह के जश्न का माहौल दशक पूर्व पार्टी की 2008 में हुई जीत के दौरान देखा गया था। मुख्यालय पर बुधवार को पार्टी के जीते हुए विधायक अपने नेता का चुनाव करने के लिये आयोजित बैठक में भाग लेने पहुंचे थे।

पार्टी परंपराओं के अनुसार संसार चंद्र रोड स्थित मुख्यालय पर मुख्यमंत्री पद के लिये उम्मीदवार के चयन के लिये बुधवार को विधायक दल की एक बैठक आयोजित की गई थी। विधायक दल द्वारा पारित प्रस्ताव को पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से स्वीकृति मिलने के बाद चुने गये नेता के साथ पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शाम को राज्यपाल कल्याण सिंह से मिलेगा और सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मुख्यमंत्री पद की अग्रिम दौड़ में है। गहलोत ने सरदारपुरा और पायलट ने टोंक विधानसभा से जीत दर्ज की है। परिणामों की घोषणा के बाद से पायलट और गहलोत के विश्वासपात्र विधायक दोनों से लगातार संपर्क बनाये हुए है। कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने के बाद निर्दलीय विधायक के रूप जीत कर आये कुछ निर्दलीय विधायक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के संपर्क में है।

सात दिसम्बर को राज्य में सम्पन्न हुए 199 सीटों के चुनाव में कांग्रेस ने 99 सीटों पर जीत दर्ज की है तो वहीं पार्टी की गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल ने एक सीट पर जीत दर्ज की है। पार्टी के पास आसानी से सरकार बनाने के लिये संख्या बल है। पार्टी निर्दलीय विधायकों और समान विचारधारा वाले गैर-भाजपा पार्टियों का समर्थन लेने पर विचार कर रही है। 2008 में विधायकों से गहन चर्चा के बाद अशोक गहलोत को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.