नई दिल्ली। बिहार समेत देशभर में छठ पूजा महापर्व का समापन हो गया है। सभी शहरों में छठव्रतियों ने सोमवार सुबह उदयीमान सूर्य यानी उगते हुए सूरज को अर्घ्य देकर छठ पूजा खत्म की। अभिनेता-राजनेता से लेकर आम जनता तक, बिहार में सभी लोगों ने धूमधाम से चार दिवसीय छठ महापर्व मनाया। बिहार में दो साल बाद छठ घाटों पर भारी भीड़ उमड़ी। बीते दो साल कोरोना की पाबंदियों की वजह से व्रती धूमधाम से यह पर्व नहीं मना सके थे।
उगते सूर्य की उपासना के बाद छठ व्रती पारण कर 36 घंटे का निर्जला उपवास तोड़ेंगे। प्रदेश में छठ पर्व के दौरान गजब का उत्साह देखने को मिला। घाटों पर आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने आवास पर ही छठ पूजा की। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अर्घ्य देने दीघा घाट पहुंचे।
आज प्रातः उदीयमान सूर्य भगवान को अर्घ्य देने के बाद विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण व भ्रमण किया तथा छठव्रतियों और श्रद्धालुओं से आशीर्वाद प्राप्त किया। #छठ_पूजा pic.twitter.com/JIIAPXPB5N
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) October 31, 2022
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने छठ पर्व के अवसर पर दीघा घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार की तरफ से छठ के लिए पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि लोगों को तकलीफ न हो। हमारी कोशिश है कि अगले साल लोगों को और बेहतर व्यवस्था दी जाए।”