नागरिक सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने शुक्रवार को समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा हमारा परम धर्म है, और वर्तमान हालातों को देखते हुए सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, सभी विभाग अपनी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करें, और सुरक्षा से जुड़े सभी ऐहतियाती कदम तुरंत लागू किए जाएं।

डॉ. यादव (CM Mohan Yadav) ने कहा कि राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और प्रचार पर कठोर कार्रवाई की जाए और नागरिकों को अफवाहों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाए। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की चौतरफा सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन सेवाएं और अन्य आवश्यक उपायों को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्थाओं, नागरिक सुविधाओं और विभागीय समन्वय की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को आपसी तालमेल बेहतर करने को कहा।

डॉ. यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति के लिए सभी विभाग पूरी सजगता और तत्परता के साथ तैयार रहें। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति सामान्य होने तक नागरिक सुविधाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने वाले विभागों का कोई भी अधिकारी या फील्ड अमला अवकाश पर न जाए।

इस बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव गृह श्री जे.एन. कंसोटिया, मुख्यमंत्री कार्यालय एवं जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना, डीजी होमगार्ड श्री अरविंद कुमार, एडीजी गुप्तवार्ता श्री ए. साईं मनोहर, सैन्य अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.