नई दिल्ली। दिल्ली की 31 वर्षीय दीक्षा अपना कैफे ‘सिप एंड ड्रीम’ लॉन्च करने की तैयारी में हैं। फूड एंड बेवरेज के क्षेत्र में करीब एक दशक का अनुभव रखने वाली दीक्षा ने ब्लिंकिट के डिलीवरी पार्टनर के रूप में पिछले चार वर्षों की आय से अपने इस सपने को साकार के लिए आवश्यक पूंजी जुटाई है।
मूलतः दीक्षा का सपना सिविल इंजीनियर बनना था। 10वीं कक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने डिप्लोमा कोर्स में दाखिला लिया था। हालांकि, पारिवारिक परिस्थितियों, जिसमें उनकी माँ का स्वास्थ्य भी शामिल था, के चलते उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी। इसके बाद उन्हें 16 वर्ष की आयु में कमाना शुरू करना पड़ा।
इसके बाद दीक्षा ने करीब एक दशक तक कैफे इंडस्ट्री में काम किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न आउटलेट्स में अनुभव प्राप्त किया और आगे बढ़ते हुए कैफे मैनेजर के पद तक पहुंचीं। इस व्यावहारिक अनुभव ने उनके भीतर अपना बिजनेस चलाने की महत्वाकांक्षा को आकार दिया।
अपने इस सपने को साकार करने के लिए जरूरी पूंजी जुटाने हेतु दीक्षा ने कैफे में अपनी नौकरी के साथ-साथ ब्लिंकिट में डिलीवरी पार्टनर के रूप में भी काम शुरू किया। वह पिछले चार वर्षों से ब्लिंकिट से जुड़ी हैं और इस दौरान अपनी स्कूटी पर 1,500 से अधिक दिनों तक डिलीवरी कर चुकी हैं। वर्तमान में वह शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक की शिफ्ट में काम करती हैं। वह इस शिफ्ट को पसंद करती हैं, क्योंकि उन्हें रात में सोने में परेशानी होती है और दिन में धूप के संपर्क में आने से उन्हें एलर्जी होती है।
दीक्षा का सुबह और दोपहर का ज्यादातर समय कैफे को तैयार करने में लगा रही हैं। उन्हें अपने कैफे के लिए उपयुक्त स्थान भी मिल चुका है और अब वह इसको जल्द लॉन्च करने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
अपने कैफे की तैयारियों और डिलीवरी के काम के साथ-साथ दीक्षा अपने गृह नगर प्रयागराज (पूर्व में इलाहाबाद) में परिवार के लिए एक घर बनाने की दिशा में भी काम कर रही हैं।
ब्लिंकिट की डिलीवरी पार्टनर दीक्षा ने कहा, “फिलहाल मेरी एकमात्र आकांक्षा ‘सिप एंड ड्रीम’ को शुरू होते देखना है। मैं अपने परिवार की पहली ऐसी महिला बनना चाहती हूं, जो न केवल नौकरी करे, बल्कि अपना सफल व्यवसाय भी स्थापित करे।”

