अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में मिला बिहार को स्वर्ण पदक

नई दिल्ली। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 38वें भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला, 2018 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बिहार को स्वर्ण पदक से पुरस्कृत किया गया है। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री सुरेश प्रभु ने मंगलवार को प्रगति मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में बिहार को यह पुरस्कार प्रदान किया। बिहार सरकार के उद्योग विभाग के निदेशक श्री पंकज कुमार सिंह ने केन्द्रीय मंत्री से यह पुरस्कार प्राप्त किया। बिहार को यह पुरस्कार राज्य सरकार/केन्द्र शासित प्रदेश के मंडप श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया है। इस अवसर पर बिहार सरकार के उद्योग विभाग के उप निदेशक श्री उमेश सिंह, बिहार सूचना केन्द्र, नई दिल्ली के सहायक निदेशक श्री लोकेश कुमार झा, उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान के अधिकारी श्री अशोक कुमार सिन्हा एवं अन्य भी उपस्थित थे।

इस वर्ष के अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेला में राज्य की तीन प्रमुख कलाओं यथा मधुबनी पेंटिंग, मंजूषा पेंटिंग और टिकुली पेंटिंग ने बिहार को फिर से गौरवान्वित किया है। टेराकोटा, सिक्की एवं मंजूषा कला में चले जीवंत प्रदर्शन ने भी देश दुनिया को आकर्षित किया। विदित हो कि भारतीय अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार द्वारा हर वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया है। वर्ष-2014 में उत्कृष्ट साज-सज्जा के लिए एवं वर्ष 2015 तथा 2016 में स्वच्छता के लिए बिहार को गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.