नई दिल्ली/सियोल। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी को इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स (IFAC) के बोर्ड सदस्य के रूप में निर्वाचित किया गया है। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में 17 नवंबर 2026 को आयोजित IFAC काउंसिल की बैठक में उनका चयन किया गया। उनका कार्यकाल नवंबर 2026 से नवंबर 2029 तक तीन वर्षों का होगा।
इस उपलब्धि के साथ ही सीए प्रसन्ना कुमार डी तेलुगु राज्यों से IFAC के बोर्ड में निर्वाचित होने वाले पहले चार्टर्ड अकाउंटेंट बन गए हैं। उनका निर्वाचन भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे की वैश्विक स्तर पर बढ़ती भागीदारी और प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ICAI के उपाध्यक्ष सीए मंगेश किनारे IFAC बोर्ड में उनके तकनीकी सलाहकार (टेक्निकल एडवाइजर) के रूप में कार्य करेंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पेशेवर और तकनीकी भागीदारी को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में IFAC के नए नेतृत्व का भी निर्वाचन किया गया। ऑस्ट्रेलिया की सुश्री टैरिन रल्टन को दो वर्षों के लिए IFAC का अध्यक्ष चुना गया, जबकि अमेरिका की सुश्री कैथरीन बाइन उपाध्यक्ष (डिप्टी प्रेसिडेंट) निर्वाचित हुईं। दोनों का कार्यकाल दो वर्ष का होगा।
क्या है IFAC और इसकी भूमिका?
इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ अकाउंटेंट्स (IFAC) वैश्विक स्तर पर अकाउंटेंसी पेशे का प्रतिनिधित्व करने वाला प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संगठन है। इसका बोर्ड संगठन के संचालन और विभिन्न गतिविधियों की निगरानी की जिम्मेदारी निभाता है। बोर्ड में IFAC के अध्यक्ष सहित IFAC काउंसिल द्वारा निर्वाचित 22 सदस्य शामिल होते हैं।
बोर्ड के सदस्य स्वयंसेवक के रूप में अपनी सेवाएं देते हैं। वे अकाउंटेंसी पेशे के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ दुनिया के अलग-अलग देशों और क्षेत्रों का अनुभव साझा करते हैं। बोर्ड का उद्देश्य वैश्विक अकाउंटेंसी पेशे को मजबूत करना, पेशेवर मानकों को बढ़ावा देना और जनहित में संगठन के मिशन को आगे बढ़ाना है।
सीए प्रसन्ना कुमार डी का IFAC बोर्ड में निर्वाचन ICAI के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे वैश्विक लेखांकन व्यवस्था, पेशेवर सहयोग और अकाउंटेंसी क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भारत की भागीदारी को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।

