नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन और रिलायंस फाउंडेशन के साथ मिलकर इस वर्ष 23 जून को ओलंपिक डे के अवसर पर “Let’s Move +1” अभियान शुरू किया है। यह अभियान लोगों को प्रेरित करता है कि वे किसी दोस्त, सहकर्मी या परिवारजन के साथ मिलकर सक्रिय जीवनशैली अपनाएं। इस अवसर पर देशभर के 50 से अधिक खेल स्थलों को जनता के लिए निःशुल्क खोला जाएगा, जहां लोग जोड़ी में फुटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, पिकलबॉल और योग जैसी गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। अभियान का उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार भारत में लगभग 50% वयस्क पर्याप्त शारीरिक गतिविधि नहीं करते हैं। ओलंपिक वैल्यूज़ एजुकेशन प्रोग्राम (OVEP) के तहत चंडीगढ़, ओडिशा और असम में 1.2 करोड़ से अधिक बच्चे खेल और समूह गतिविधियों में भाग लेंगे।
ओलंपियन अभिनव बिंद्रा और दीपिका कुमारी ने युवाओं को खेल के माध्यम से आत्मविकास और सहयोग की भावना अपनाने का संदेश दिया। “Let’s Move +1” अब तक भारत में 2 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुँच चुका है।