इस्वान संस्था का ज्योतिष सम्मेलन व दीक्षांत समारोह 2023 संपन्न नई दिल्ली

फोटो : राजेश भसीन

नई दिल्ली। इस्वान संस्था का ज्योतिष सम्मेलन व दीक्षांत समारोह संस्था के संस्थापक अंक गुरु प्रोफेसर अशोक भाटिया व अध्यक्ष आचार्या भावना भाटिया की छत्रछाया में विश्व युवक केन्द्र, नई दिल्ली में संपन्न हुआ। संस्था के कार्यकताओं के साथ-साथ देश के अलग-अलग स्थानों से आये 100 से अधिक ज्योतिष, वास्तु व अंक ज्योतिष विषय के जानकारों ने चर्चा में पूर्णरूप से भाग लिया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य परम्परागत रूप से चल रहे वेदों के ज्ञान का आज के संदर्भ में लाभ कैसे प्राप्त हो। ब्रह्माण्ड में उर्जा का मानव जीवन पर किस प्रकार ग्रहों की सहायता से असर होता है व उनसे होने वाले दुःखों का निवारण किस प्रकार किया जाये, इसके बारे में भी बताया गया।

मोदी नगर से आये डॉक्टर विनायक पुलह जी ने विवाह से पहले और बाद में आने वाले कष्टों व उनके निवारण के उपाय बताये। यह उपाय प्रकृति की सहायता से जनमानस करे तो उन कष्टों से मुक्ति पा सकता है। उनके उपायों को सभी ने बहुत सराहा। उनके उपरांत जोधपुर से आये पंडित विजय दत्त पुरोहित जी ने कर्मकांड व सोलह संस्कारों के वैज्ञानिक सत्यों से पर्दा हटा कर सबके ज्ञान चक्षु खोले। जनमानस को इस ज्ञान से लाभ प्राप्त हुआ। दिल्ली की फ्यूचर पॉइंट संस्था की चेयरपर्सन आभा बंसल ने ज्योतिष विज्ञान की गहराई व उसका जीवन में प्रयोग विषय पर उपस्थित सभी विदुषीयों का ज्ञान बढ़ाया।

फोटो : राजेश भसीन

सम्मेलन के अंत में अंकगुरु अशोक भाटिया ने अपनी पुस्तक ‘सूर्य अंक ज्योतिष’ व उनके अंक ज्योतिष पर आधारित ‘वैदिक न्यूमरो’ सॉफ्टवेयर की उपयोगिता के विषय में विस्तृत जानकारी दी। भोजन उपरांत दीक्षांत समारोह में सफल विद्यार्थियों को मेडल, स्मारिका व प्रमाणपत्र भारती कॉलेज की पूर्व प्रधानाचार्य डॉक्टर प्रमोदिनी वर्मा, पंडित जय प्रकाश शर्मा लाल धागे वाले, फ्यूचर पॉइंट की चेयरपर्सन आभा बंसल, इस्वान के संस्थापक प्रोफेसर अशोक भाटिया व आचार्या भावना भाटिया द्वारा दिये गये। संस्था प्रतिभागियों व उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सफलता पर सभी को शुभ कामनायें देती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.