काइनेन और सबीरा ने निशानेबाजी विश्व कप में भारत को दिलाया कांस्य पदक

रणवीर सिंह

नई दिल्ली। ओलंपियन काइनेन चेनाय और सबीरा हारिस की जोड़ी ने भारत को ट्रैप मिक्स्ड टीम ओलंपिक इवेंट में कांस्य पदक दिलाया है। यह उपलब्धि उन्होंने साइप्रस के निकोसिया में आयोजित आईएसएसएफ शॉटगन विश्व कप के तीसरे चरण के अंतिम दिन हासिल की।

भारतीय जोड़ी ने कांस्य पदक मुकाबले में तुर्की की जोड़ी टोल्गा टंसर और पेलिन काया को 34-33 से हराया। चीन ने इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता जबकि पोलैंड को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

प्रारंभिक चरण में भारत की यह जोड़ी 34 टीमों में चौथे स्थान पर रही। काइनेन और सबीरा ने मिलकर कुल 142 अंक बनाए। सबीरा ने 75 में से 72 (23, 25, 24) और काइनेन ने 70 (23, 25, 22) अंक अर्जित किए।

दूसरी भारतीय जोड़ी शार्दुल विहान और कीर्ति गुप्ता ने 137 अंक के साथ 17वां स्थान हासिल किया।

कांस्य पदक मुकाबले में काइनेन ने अपने अनुभव का शानदार प्रदर्शन किया और 25 में से 23 निशाने सटीक लगाए। तुर्की के टोल्गा टंसर ने सिर्फ 17 निशाने साधे, जिससे भारत ने एक अंक से कांस्य पदक अपने नाम किया। यह इस वर्ष भारतीय स्क्वाड का पहला विश्व कप पदक है।

फाइनल मुकाबले में, चीन ने क्वालिफिकेशन में दूसरे स्थान पर रहने के बाद पोलैंड को 42-39 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस चरण में न्यूट्रल एथलीट्स ने पांच में से दो स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि अन्य तीन स्वर्ण चीन, स्पेन और इटली को मिले।

कुल 54 देशों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता में 12 देशों ने पदक जीते।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.