जयपुर। दुनिया की निगाहें फीफा विश्व कप फाइनल पर टिकी हैं और इसी वैश्विक उत्साह को पर्यटन ब्रांडिंग के अवसर में बदलते हुए राजस्थान पर्यटन विभाग ने जयपुर की विश्वप्रसिद्ध धरोहरों पर आधारित एक विशेष डिजिटल फिल्म जारी की है। विभाग का यह रचनात्मक अभियान न केवल सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, बल्कि इसके माध्यम से ‘पधारो म्हारे देश’ का संदेश देश-विदेश के लाखों दर्शकों तक पहुंच रहा है।
करीब डेढ़ मिनट की इस सिनेमाई डिजिटल फिल्म में जयपुर की गुलाबी गलियों से शुरू होकर हवा महल, आमेर किला, यूनेस्को विश्व धरोहर जंतर-मंतर सहित शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के बीच स्थानीय फुटबॉल खिलाड़ी खेलते नजर आते हैं। फिल्म में फुटबॉल केवल एक खेल नहीं, बल्कि जयपुर की विरासत, स्थापत्य कला और आधुनिक ऊर्जा को जोड़ने वाला प्रतीक बनकर उभरती है। इसका संदेश स्पष्ट है कि वैश्विक खेल उत्सव और राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर मिलकर पर्यटन का नया अनुभव प्रस्तुत कर सकते हैं।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ ने कहा कि फीफा विश्व कप फाइनल दुनिया के सबसे अधिक देखे जाने वाले खेल आयोजनों में शामिल है। ऐसे अवसर पर जयपुर की विरासत को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करना राजस्थान की वैश्विक पर्यटन ब्रांडिंग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम आज पर्यटन प्रचार का सबसे प्रभावी मंच बन चुके हैं और ऐसे अभियान विशेष रूप से युवा वर्ग तथा विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान पर्यटन विभाग की डिजिटल रणनीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विभाग के इंस्टाग्राम पर 6.42 लाख, फेसबुक पर 6.39 लाख, एक्स पर 2.08 लाख तथा यूट्यूब पर 1.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से राजस्थान के किले, महल, वन्यजीव, धार्मिक स्थल, लोक संस्कृति, हस्तशिल्प, खान-पान, मेले और उत्सवों से जुड़ी प्रमाणिक एवं आकर्षक सामग्री नियमित रूप से साझा की जा रही है।
रियाड़ ने कहा कि विभाग केवल पर्यटन स्थलों का प्रचार ही नहीं कर रहा, बल्कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए पर्यटकों को नई पर्यटन नीतियों, होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन, वेलनेस, एडवेंचर, फिल्म पर्यटन तथा राज्य में आयोजित विशेष आयोजनों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उच्च गुणवत्ता वाली डिजिटल फिल्में, फोटो, इन्फ्लुएंसर सहयोग और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से जुड़े विशेष कंटेंट विभाग की सोशल मीडिया रणनीति का अहम हिस्सा हैं।
पर्यटन विशेषज्ञों के अनुसार ओलंपिक, फीफा विश्व कप और अन्य वैश्विक खेल आयोजनों के दौरान पर्यटन प्रचार के लिए डिजिटल अभियानों का उपयोग विश्वभर में तेजी से बढ़ा है। राजस्थान पर्यटन की यह पहल भी इसी वैश्विक रणनीति का हिस्सा है, जिसके माध्यम से राज्य अपनी ऐतिहासिक धरोहरों, सांस्कृतिक विरासत और शाही आतिथ्य को नए अंदाज में अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचा रहा है।
यूनेस्को विश्व धरोहर शहर जयपुर की पहचान को फीफा विश्व कप फाइनल जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन से जोड़ने वाली यह डिजिटल फिल्म पर्यटन प्रचार के बदलते स्वरूप का संकेत देती है। राज्य सरकार और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग आधुनिक तकनीक, डिजिटल संचार और नवाचार आधारित ब्रांडिंग के माध्यम से राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त पहचान दिलाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।

