त्योहारों के लिए 24 घंटे में अस्थायी बिजली कनेक्शन देगा टाटा पावर-डीडीएल

नई दिल्ली। रामलीला, दुर्गा पूजा और अन्य त्योहारों व आयोजनों के लिए टाटा पावर-डीडीएल 24 घंटे के भीतर तत्काल अस्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराएगा। इसके लिए आयोजकों को नजदीकी डिवीजन कार्यालय के कस्टमर केयर सेंटर पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।कंपनी के अनुसार, आवेदन और डिमांड नोट जमा होने के बाद मीटर उपलब्ध कराकर कनेक्शन जारी किया जाएगा। आयोजनों को देखते हुए जोनल कार्यालयों में पर्याप्त मीटरों की व्यवस्था की गई है।

गौरतलब है कि बड़े धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा के लिए टाटा पावर-डीडीएल की टीमें आयोजन स्थलों पर बिजली के खंभों, स्ट्रीट लाइट, टावर, तारों, सब—स्टेशन और फीडर आदि की नियमित जांच कर रही हैं। कंपनी ने आयोजकों से बिजली की वायरिंग में सावधानी बरतने और ढीले कनेक्शन से बचने की अपील की है। साथ ही, बिजली के झटके और आग से सुरक्षा के लिए ईएलसीबी (अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर) लगाने की सलाह दी है।

टाटा पावर-डीडीएल के प्रवक्ता ने बताया कि तत्काल अस्थायी कनेक्शन की सुविधा रामलीला, दुर्गा पूजा के अलावा शादी-ब्याह और अन्य आयोजनों के लिए भी ली जा सकती है। त्योहारी सीजन में कंपनी की टीमें हाई अलर्ट पर रहेंगी और उपभोक्ताओं को सुरक्षित व निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.