भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने का मार्ग प्रशस्त  करेगा विकसित भारत का संकल्प : सावंत

नई दिल्ली /पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री और लोकसभा चुनाव में भाजपा के स्टार प्रचारक प्रमोद सावंत ने सोमवार को उत्तरी गोवा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय पर्यटन, बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग राज्यमंत्री श्रीपद नाईक के समर्थन में प्रचार किया। सावंत ने इस अवसर पर मापुसा में बूथ लेवल और मायेम में सरपंच, पंच, बूथ और मंडल कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी अपील की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सावंत ने कहा, इस बार का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने आने वाले 25 वर्षों में विकसित भारत बनाने का जो संकल्प लिया है, वह भारत को दुनिया का सिरमौर बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इसीलिए हम सभी कार्यकर्ताओं को अपने अथक प्रयासों से विकसित भारत बनाने के संकल्प की नींव को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व  में पिछले 10 वर्षों में देश में जिस तरह परिवर्तन हुआ है, उस परिस्थिति में देश की जनता के बीच विकसित भारत को लेकर एक उमंग और उत्साह का माहौल है। हम इस बार 400 पार के आकड़े को पार करते हुए एक बार फिर केंद्र में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।

सावंत ने कहा, भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों की वजह से भाजपा 2014 और 2019 में केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में सफल रही। 2014 में भाजपा ने 272 का नारा दिया था और 2019 में 300 पार का नारा दिया था। उन्होंने कहा, कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम के बल पर पार्टी दोनों ही बार लक्ष्य पार करने में पूर्णत: सफल रही थी, लेकिन इस बार विकसित भारत का जो संकल्प प्रधानमंत्री जी ने रखा है, उस संकल्प की नींव को मजबूत करने के लिए हम सबकी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है, इसके लिए जरूरी है कि हम सब लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित करें और अधिक से अधिक लोग वोट देने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा, निश्चित ही इसमें बूथ, मंडल लेवल कार्यकर्ताओं से लेकर प्रधानों, सरपंचों और पंचों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है, इसीलिए इस जिम्मेदारी को हम सब साथ मिलकर निभाएं।

बता दें कि नार्थ गोवा लोकसभा सीट भाजपा की सुरक्षित सीट मानी जाती है। श्रीपद नाईक 1999 से इस सीट से सांसद रहे हैं और उन्हें छठी बार भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। 2019 के चुनावों में, उन्होंने 57.07 प्रतिशत वोट हासिल करके कांग्रेस के गिरीश राया को हराया था। इस सीट को 1971 और 2004 के बीच पणजी लोकसभा सीट के नाम से जाना जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.