नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के संस्थापक एवं पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय राम विलास पासवान जी की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर दिल्ली स्थित पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय, 71 नॉर्थ एवेन्यू में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के प्रधान महासचिव श्री अब्दुल खालिक साहब की गरिमामयी उपस्थिति रही।
श्रद्धांजलि सभा में दिल्ली प्रदेश प्रभारी श्री प्रणब कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनुपम झा, डॉ. आशु चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष रोहन चौधरी, प्रदेश महासचिव सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय राम विलास पासवान जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्ष, सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता और जनसेवा के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान ड्रग इंडिया के तत्वावधान में मेडिकल कैंप का भी आयोजन किया गया, जिसमें जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इस पहल के माध्यम से जनसेवा और सामाजिक सरोकार के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।
पासवान के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान लोजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह दिल्ली प्रदेश प्रभारी श्री प्रणब कुमार और प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अनुपम झा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में पार्टी लगातार स्वर्गीय राम विलास पासवान जी के संघर्ष और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करने के लिए कार्यकर्ता निरंतर प्रयासरत हैं।
नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय राम विलास पासवान जी का राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। उनकी विचारधारा और जनसेवा की भावना पार्टी कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रेरणा देती रहेगी।

